Delhi Sarvodaya School Admission: राजधानी दिल्ली में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सर्वोदय विद्यालयों में नर्सरी, केजी और पहली कक्षा में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। Directorate of Education ने प्रवेश से जुड़ी विस्तृत गाइडलाइंस जारी कर दी हैं। अभिभावक 2 मार्च से 16 मार्च तक आवेदन कर सकेंगे। इस बार भी दाखिला प्रक्रिया (Delhi Sarvodaya School Admission) पूरी तरह पारदर्शी और निर्धारित मानकों के आधार पर होगी। खास बात यह है कि प्रवेश केवल दिल्ली के स्थायी निवासियों के लिए ही मान्य होगा।
दिल्ली निवासियों को ही मिलेगा मौका
निर्देशों के मुताबिक, इन कक्षाओं में वही बच्चे आवेदन कर सकते हैं जो दिल्ली के स्थायी निवासी हैं। प्रवेश में प्राथमिकता उन बच्चों को दी जाएगी, जो संबंधित सर्वोदय विद्यालय से 1 किलोमीटर के दायरे में रहते हैं। अगर किसी क्षेत्र में एक किलोमीटर के भीतर सर्वोदय विद्यालय उपलब्ध नहीं है, तो 3 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले बच्चों को अवसर दिया जाएगा। इससे स्थानीय स्तर पर बच्चों को नजदीकी स्कूल में पढ़ने का मौका मिलेगा और आवागमन की परेशानी भी कम होगी। हर विद्यालय में उपलब्ध सीटों की संख्या स्कूल के मुख्य द्वार पर प्रदर्शित की जाएगी, ताकि अभिभावकों को पहले से स्पष्ट जानकारी मिल सके।
आयु सीमा तय, 30 दिन तक छूट संभव
निदेशालय ने प्रत्येक कक्षा के लिए आयु सीमा (Delhi Sarvodaya School Admission) स्पष्ट की है।
- नर्सरी – 3 से 4 वर्ष
- केजी (KG) – 4 से 5 वर्ष
- पहली कक्षा – 5 से 6 वर्ष
विशेष परिस्थितियों में विद्यालय प्रमुख अधिकतम 30 दिन तक आयु सीमा में छूट दे सकते हैं। इससे उन बच्चों को राहत मिल सकती है जिनकी उम्र निर्धारित सीमा से थोड़ी कम या ज्यादा है।
आवेदन और लॉटरी की पूरी प्रक्रिया
अभिभावक 2 मार्च से 16 मार्च के बीच आवेदन कर सकेंगे। 18 मार्च को सभी प्राप्त आवेदनों की सूची स्कूल के नोटिस बोर्ड पर चस्पा की जाएगी। यदि किसी आवेदन में कोई कमी पाई जाती है, तो उसकी सूचना भी उसी दिन दी जाएगी, ताकि समय रहते सुधार किया जा सके। बच्चों का चयन 20 मार्च को लॉटरी सिस्टम के माध्यम से किया जाएगा। यह प्रक्रिया (Delhi Sarvodaya School Admission) स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) और अभिभावकों की उपस्थिति में पारदर्शी तरीके से होगी।
- सुबह की शिफ्ट – लॉटरी सुबह 11 बजे
- शाम की शिफ्ट – लॉटरी दोपहर 3 बजे
चयनित विद्यार्थियों की सूची 23 मार्च को नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएगी।
जरूरी दस्तावेज और फॉर्म की उपलब्धता
एडमिशन (Delhi Sarvodaya School Admission) के समय अभिभावकों को निवास प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र और आवश्यकता होने पर जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। आवेदन फॉर्म संबंधित स्कूल से ही प्राप्त किए जा सकेंगे।
- सुबह की शिफ्ट वाले स्कूलों में फॉर्म सुबह 8:30 बजे से 11:30 बजे तक उपलब्ध रहेंगे।
- शाम की शिफ्ट वाले स्कूलों में दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक फॉर्म मिलेंगे।
अभिभावकों की सुविधा के लिए स्कूल परिसर में हेल्प डेस्क की व्यवस्था भी की जाएगी, जहां शिक्षक और SMC सदस्य फॉर्म भरने में सहायता करेंगे।
2 अप्रैल तक एडमिशन, फिर वेटिंग लिस्ट
चयनित छात्रों का प्रवेश 2 अप्रैल तक पूरा कर लिया जाएगा। यदि किसी कारण से कुछ सीटें खाली रह जाती हैं, तो 4 अप्रैल से 7 अप्रैल के बीच वेटिंग लिस्ट के छात्रों को मौका दिया जाएगा। इस तरह पूरी प्रक्रिया तय समयसीमा के भीतर चरणबद्ध तरीके से संपन्न की जाएगी।
पारदर्शिता और स्थानीयता पर जोर
इस बार प्रवेश प्रक्रिया में दो बातों पर विशेष ध्यान दिया गया है पारदर्शिता और स्थानीय बच्चों को प्राथमिकता। लॉटरी प्रणाली और सार्वजनिक रूप से सीटों की जानकारी प्रदर्शित करने से अभिभावकों का भरोसा बढ़ेगा। साथ ही, नजदीकी क्षेत्र के बच्चों को प्राथमिकता देने से स्कूलों में भीड़ नियंत्रण और यात्रा समय में कमी आएगी। शिक्षा विभाग का उद्देश्य है कि हर बच्चे को उसके घर के पास गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके।
Also read: 10वीं के बाद करियर की स्मार्ट शुरुआत, कम समय में जॉब दिलाने वाले 5 दमदार कोर्स



