Thailand Queen Kushinagar Visit: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में बुधवार को बौद्ध आस्था और भारत- थाईलैंड की मित्रता का एक ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला। थाईलैंड की महारानी सिनीनाथा बिलासाकल्याणी भारत यात्रा के दौरान कुशीनगर पहुंचीं और भगवान बुद्ध के महापरिनिर्वाण मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने भगवान बुद्ध की लेटी हुई प्रतिमा पर श्रद्धा भाव से चीवर (बुद्ध वस्त्र) अर्पित किया।
महारानी के साथ थाईलैंड के उप प्रधानमंत्री बोर्नवॉर्नसाक भी मौजूद रहे। इस पावन अवसर पर बौद्ध भिक्षुओं के मंत्रोच्चारण से पूरा मंदिर परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।
Also Read: अजित पवार के निधन पर यूपी की राजनीति स्तब्ध, CM योगी, अखिलेश और मायावती ने जताया शोक
Thailand Queen Kushinagar Visit: भगवान बुद्ध के महापरिनिर्वाण स्थल पर विशेष पूजा
कुशीनगर वह पवित्र भूमि है, जहां भगवान बुद्ध ने महापरिनिर्वाण प्राप्त किया था। इसी ऐतिहासिक स्थल पर महारानी सिनीनाथा बिलासाकल्याणी ने पूरी विधि-विधान से पूजा की। उन्होंने शांत भाव से भगवान बुद्ध की प्रतिमा पर चीवर चढ़ाया और कुछ समय ध्यान में भी बिताया। पूजा के दौरान थाईलैंड से आए बौद्ध भिक्षु और श्रद्धालु भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर शांति, करुणा और विश्व कल्याण की कामना की।
Thailand Queen Kushinagar Visit: मुकुट बंधन चैत्य की परिक्रमा, अंतिम संस्कार स्थल पर श्रद्धा
महापरिनिर्वाण मंदिर में पूजा के बाद महारानी तथागत बुद्ध के अंतिम संस्कार स्थल मुकुट बंधन चैत्य पहुंचीं। यहां उन्होंने चैत्य की परिक्रमा की और दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान महारानी पूरी तरह धार्मिक भाव में नजर आईं। उनकी यह यात्रा बौद्ध धर्म के प्रति गहरी आस्था को दर्शाती है।
Thailand Queen Kushinagar Visit: थाई मॉनेस्ट्री में भी किया दर्शन-पूजन
इसके बाद महारानी कड़ी सुरक्षा के बीच कुशीनगर स्थित थाई मॉनेस्ट्री (थाई मंदिर) पहुंचीं। यहां उन्होंने विधिवत पूजा-पाठ किया और छतरी भी चढ़ाई। थाई मंदिर के जनसंपर्क अधिकारी अंबिकेश त्रिपाठी ने बताया कि महारानी ने मॉनेस्ट्री परिसर में स्थापित थाईलैंड के राजा राम भूमिबोल अदुल्यदेज (नौवें राम) की प्रतिमा की भी पूजा की। यह क्षण थाई समुदाय के लिए बेहद भावुक और गर्व का था।
Latest News Update Uttar Pradesh News, उत्तराखंड की ताज़ा ख़बर
Thailand Queen Kushinagar Visit: सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
महारानी की यात्रा को देखते हुए कुशीनगर में सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए थे। यूपी पुलिस के साथ-साथ थाईलैंड की सुरक्षा एजेंसियां भी तैनात रहीं। मंदिर परिसर से लेकर मार्गों तक विशेष निगरानी रखी गई। स्थानीय प्रशासन ने पूरी यात्रा को सुचारु और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया।
Thailand Queen Kushinagar Visit: 10 दिवसीय भारत यात्रा पर हैं महारानी
महारानी सिनीनाथा बिलासाकल्याणी 21 जनवरी को भारत की 10 दिवसीय यात्रा पर पहुंची थीं। इस यात्रा के दौरान उन्होंने पहले गया, फिर वाराणसी और अब कुशीनगर में दर्शन-पूजन किया है। बताया जा रहा है कि महारानी 28 जनवरी की शाम कुशीनगर स्थित थाई मंदिर पहुंचीं थीं, जहां जिला प्रशासन और स्थानीय बौद्ध भिक्षुओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
Thailand Queen Kushinagar Visit: लुंबिनी जाएंगी महारानी, 30 जनवरी को वापसी
कुशीनगर के बाद महारानी लुंबिनी (नेपाल) जाएंगी, जो भगवान बुद्ध की जन्मस्थली है। इसके बाद वह 30 जनवरी को थाईलैंड वापस लौटेंगी। उनकी यह पूरी यात्रा बौद्ध सर्किट से जुड़ी हुई है और इसका उद्देश्य बौद्ध धर्म की साझा विरासत को मजबूत करना है।
Thailand Queen Kushinagar Visit: भारत-थाईलैंड संबंधों को मिली नई मजबूती
महारानी की कुशीनगर यात्रा को केवल धार्मिक नहीं, बल्कि राजनयिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे भारत और थाईलैंड के ऐतिहासिक संबंधों को नई मजबूती मिली है। भारत और थाईलैंड दोनों देशों को बौद्ध धर्म जोड़ता है। ऐसे में महारानी की यह यात्रा दोनों देशों के बीच आपसी सहयोग, संस्कृति और आस्था के रिश्ते को और गहरा करती है।
Thailand Queen Kushinagar Visit: बौद्ध अनुयायियों में खुशी का माहौल
महारानी के आगमन से कुशीनगर में बौद्ध अनुयायियों और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने इसे अपने जीवन का ऐतिहासिक क्षण बताया।
थाईलैंड की महारानी सिनीनाथा बिलासाकल्याणी की यह यात्रा न सिर्फ धार्मिक दृष्टि से विशेष रही, बल्कि भारत-थाईलैंड मित्रता के लिए भी एक मजबूत संदेश बनकर सामने आई।
पढ़े ताजा अपडेट : Hindi News, Today Hindi News, Breaking



