थाना कविनगर इलाके में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुकी महिला पहलवान ने अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
शादी के कुछ ही महीनों बाद उन्हें घर से निकाल दिया गया, जिसके विरोध में महिला पहलवान अवंतिका में स्थित ससुराल के बाहर धरने पर बैठ गईं और ससुराल में अंदर जाने की गुहार लगाई।
बदल गया पति का रवैया
महिला पहलवान का कहना है कि उनकी शादी 9 जुलाई 2024 को भुवनेश कुमार से हुई थी, जो मुंबई की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। शादी के शुरुआती दिनों में नवविवाहित जोड़े के बीच सब कुछ ठीक रहा, लेकिन बाद में पति और ससुराल वालों का रवैया बदल गया।

ससुरालवालोंं ने अपनाने से किया इंकार
उनका आरोप है कि पति उन्हें नोएडा ले जाकर लंबे समय तक बहलाता रहा और बाद में विदेश चला गया, जबकि ससुराल वालों ने उन्हें अपनाने से साफ मना कर दिया। पीड़िता ने ससुराल और अपने पति पर आरोप लगाए हैं, उन्होंने इसके लिए न्याय की मांग की है, कहा कि दोषियों को सजा दी जाए।
नहीं खोला घर का दरवाजा
पहलवान का आरोप है कि जब वह ससुराल पहुंचीं तो घर का दरवाजा तक नहीं खोला गया। बारिश में भी उन्हें बाहर बैठना पड़ा। इसी बीच उनके ससुर गजेंद्र शर्मा, जोकि मिर्जापुर में दरोगा के पद पर तैनात हैं, ने स्थानीय पुलिस भेजकर उन्हें जबरन घर के बाहर से हटवाने का प्रयास किया। पीड़िता का कहना है कि वह तलाक नहीं चाहतीं, लेकिन पति और ससुराल वाले उन्हें स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है और चेतावनी दी है कि अगर उनकी सुनवाई नहीं हुई तो वह आगे भी धरने पर बैठी रहेंगी।
यह भी पढ़े- क्या होता है Digital Rape और भारत में मिलती है कितनी सजा?



