ब्यूरो : मनोज मिश्रा
Meerut News : मेरठ जनपद के जानी थाना क्षेत्र स्थित सरदार सिंह फिलिंग स्टेशन पर पेट्रोल पंप सेल्समैन से हुई डकैती की वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से एक अभियुक्त गुलशन चौधरी उर्फ जीसी मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हो गया।
Meerut News : कैसे हुआ खुलासा?
इस डकैती के खुलासे के लिए स्वाट टीम प्रथम, स्वाट टीम ग्रामीण, सर्विलांस टीम और थाना जानी पुलिस की चार टीमें गठित की गई थीं। पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों को चिह्नित किया। ये घटना 26 मई 2025 को हुई थी, जब दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह बदमाशों ने पेट्रोल पंप के सेल्समैन पर हमला किया और उसे घायल कर ₹40,000 रुपये लूट लिए। इस संबंध में पीड़ित राजीव उर्फ राजू, निवासी फूलमंडी थाना ब्रह्मपुरी ने थाना जानी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस मामले में धारा 311 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया था।
Meerut News : असलहे व लूट का सामान बरामद
30 मई की सुबह भोला रोड पर चेकिंग के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार सात संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे और बागपत रोड स्थित बाफर बंबा पर पहुंचकर पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी गुलशन चौधरी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि बाकी छह को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के पास से पुलिस ने 4 तमंचे (315 बोर), 4 जिंदा कारतूस और 02 खोखा कारतूस, डकैती में प्रयुक्त 02 स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, ₹3,500 नकद और 04 लूटे गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
Meerut News : कैसे की गई थी रैकी
पुलिस पूछताछ में यह सामने आया है कि घटना से कुछ घंटे पहले आरोपी अभय और आकाश ने पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के बहाने रैकी की थी और यह जानकारी जुटाई थी कि सेल्समैन पैसे कहां रखता है। आपको बता दें कि मामले में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और क्षेत्राधिकारी (सरधना) के निर्देशन में इस संयुक्त ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ द्वारा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है।
यह भी पढ़े….
https://lokhitkranti.com/up-police-news-inspector-brutally-beat-up-a-cancer-patient-in-the-police-station/



