Ghaziabad News : गाजियाबाद जिले के मोदीनगर स्थित छाया पब्लिक स्कूल में 15 दिवसीय समर कैंप की शुरुआत हुई। इस कैंप का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष विनोद वैशाली ने किया। समर कैंप में बच्चों को रोबोटिक्स, संगीत, नृत्य, नाट्य मंचन और खेल गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अरुण त्यागी ने बताया कि कैंप के दौरान बच्चों के लिए तीन प्रमुख आउटडोर गतिविधियां भी रखी गई हैं। इसके अलावा प्रतिभागियों को वाद्य यंत्र, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कला और क्रिएटिव वर्कशॉप्स का अनुभव भी मिलेगा। विशेष रूप से, बच्चे वेस्ट मटेरियल से उपयोगी और आकर्षक चीजें बनाना सीखेंगे, जिससे उनकी रचनात्मकता को बढ़ावा मिलेगा।
Ghaziabad News : नामचीन हस्तियां देंगे विशेषज्ञ प्रशिक्षण
हर दिन विभिन्न क्षेत्रों की विशेषज्ञ हस्तियां बच्चों को उनके विषय से जुड़ी बारीकियों से अवगत कराएंगी। इससे बच्चों को विषयों की व्यवहारिक जानकारी भी मिलेगी। कैंप के अंतिम दिन, प्रतिभागी अपने अभिभावकों के समक्ष सीखी गई कलाओं का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विषय विशेषज्ञों के साथ-साथ विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं भी सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं।
मुख्य अतिथि विनोद वैशाली ने कहा कि समर कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। यह उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ जीवन कौशल सीखने और अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक अखिलेश द्विवेदी ने मुख्य अतिथि को पटका, माला और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
यह भी पढ़े…
https://lokhitkranti.com/ghaziabad-news-big-success-achieved-under-the-leadership-of-acp-2-robbers-who-looted-mangalsutra/



