Noida News : ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र में होली के दिन तीन अलग-अलग सोसायटियों में झगड़े के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। घटनाएं अम्रपाली लेजर पार्क, ग्रीन आर्ट और गौर सिटी की सेवंथ एवेन्यू की हैं।
पहली घटना अम्रपाली लेजर पार्क सोसाइटी की है, जहां डीजे बजाने को लेकर रेजिडेंट्स के बीच विवाद हुआ। यह विवाद इस हद तक बढ़ गया कि लोग आपस में भिड़ गए। गार्ड्स ने स्थिति को काबू करने की कोशिश की, लेकिन जब मामला नियंत्रण से बाहर हो गया, तो गार्ड्स को रेजिडेंट्स पर लाठीचार्ज करना पड़ा।
दूसरी घटना ग्रीन आर्ट सोसाइटी में हुई, जहां करीब छह लोग आपस में मारपीट करते हुए दिखे। दोनों पक्षों के बीच हुई इस लड़ाई का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। एक पक्ष के लोग घटना के बाद कार में बैठकर मौके से फरार हो गए।
तीसरी घटना गौर सिटी के सेवंथ एवेन्यू की है, जहां शराब पीने के बाद डांस के दौरान विवाद शुरू हुआ। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाए, और यह घटना भी वीडियो में कैद हो गई।
पुलिस ने बताया कि अभी तक किसी ने इस संबंध में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। हालांकि, वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है और जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।



