ब्यूरो : मनोज मिश्रा
Meerut News : होली भले ही 14 मार्च की हो लेकिन यूपी पुलिस अभी से ही जिलों में होली के दिन सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जुट गई। पुलिस द्वारा अभियान चलाकर लगातार चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में मेरठ जिले में होली से पहले पुलिस ने एक बड़े अवैध शराब रैकेट का पर्दाफाश किया है। दरअसल, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सुभाष नगर में एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह के नेतृत्व में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने चुन्नीलाल के मकान से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है।
Meerut News : चार आरोपी गिरफ्तार
छापेमारी की ये कार्रवाई सूचना मिलने के बाद की गई है। जो हापुड़ एसओजी से मिली थी। छापेमारी में 15 पेटी शराब के साथ विभिन्न ब्रांडेड कंपनियों के स्टिकर और बोतलों के कैप बरामद हुए है। साथ ही मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने जांच की तो पता चला आरोपी लंबे समय से इस धंधे में संलिप्त थे। जो नकली शराब को ब्रांडेड कंपनियों की बोतलों में भरकर मेरठ और आसपास के जिलों में सप्लाई करते थे। होली के त्योहार को देखते हुए आरोपी बड़े पैमाने पर नकली शराब की सप्लाई की तैयारी कर रहे थे।
फिलहाल, पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है। साथ ही पता लगाने में जुटी है कि इस नकली शराब रैकेट में और कौन-कौन शामिल है। आपको बता दें कि पुलिस ने होली के त्योहार को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और जनता से अपील की है कि वे किसी भी अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



