UP News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सपा पर निशाना
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान परिषद में समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि महाकुंभ हमारे लिए गर्व का विषय है, जबकि सपा के नेता औरंगजेब को नायक मानते हैं। उन्होंने बिना नाम लिए अबू आजमी पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे नेताओं को यूपी भेजिए, यहां उनका सही इलाज कर दिया जाएगा।
UP News : जाने, क्या हैं पूरी खबर
मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन में महाकुंभ के आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह ऐसा ऐतिहासिक आयोजन था जिसे पूरी दुनिया लंबे समय तक याद रखेगी। हालांकि, कुछ राजनीतिक दलों ने महाकुंभ को लेकर दुष्प्रचार किया, लेकिन इससे जनता की आस्था नहीं डिगी। उन्होंने बताया कि इस आयोजन की प्रशंसा न सिर्फ देश में, बल्कि विदेशों में भी हो रही है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महाकुंभ में 45 दिनों तक कोई लूट, अपहरण या अन्य अपराध की घटना नहीं हुई। यह सनातन संस्कृति के अनुशासन का प्रभाव है, जो पूरे देश को एकता का संदेश देता है। उन्होंने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जो लोग जल प्रदूषण और अन्य छोटे मुद्दों को लेकर आयोजन पर सवाल उठा रहे थे, उन्हें यह समझना चाहिए कि गंगा भारत की सबसे पवित्र नदी है और विज्ञान भी कहता है कि बहता हुआ जल खुद को शुद्ध करता रहता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि महाकुंभ का आर्थिक दृष्टिकोण भी बहुत बड़ा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने आस्था को आजीविका से जोड़ा है। इसका उदाहरण प्रयागराज का एक नाविक परिवार है, जिसने आयोजन के दौरान 130 नावों के जरिए 30 करोड़ रुपये की कमाई की। योगी के अनुसार, इस आयोजन से उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को अनुमानित रूप से 3.5 लाख करोड़ रुपये का लाभ हुआ है। सपा पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सपा के नेताओं के लिए औरंगजेब गर्व का विषय है। उन्होंने इतिहास का उदाहरण देते हुए कहा कि औरंगजेब वह शासक था जिसने अपने ही पिता को कैद कर दिया और उसे पानी की एक-एक बूंद के लिए तरसाया।
उन्होंने बिना नाम लिए अबू आजमी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा को ऐसे नेताओं को पार्टी से बाहर निकाल देना चाहिए। अगर ऐसा नहीं कर सकते, तो उन्हें यूपी भेजें, यहां उनका इलाज कर दिया जाएगा। योगी ने कहा, “यूपी ऐसे लोगों का सही इलाज करना जानता है। ये लोग महाकुंभ की आलोचना करते हैं, लेकिन औरंगजेब पर गर्व महसूस करते हैं।” गौरतलब है कि अबू आजमी ने हाल ही में एक बयान में कहा था कि उन्हें औरंगजेब पर गर्व है, जिसे लेकर सियासत गरमा गई है।



