Uttar Pradesh News : उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां कांग्रेस सांसद राकेश राठौर के खिलाफ रेप और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है। तैलिक महासभा से जुड़ी पीड़िता का आरोप है कि सांसद राकेश राठौर ने उसे शादी का झांसा देकर और राजनीति में करियर बनाने का वादा कर चार साल तक शारीरिक शोषण किया।
मामले में जानकारी देते हुए एसपी चक्रेश मिश्र ने बताया कि महिला ने अपनी शिकायत के साथ कॉल रिकॉर्डिंग समेत कई इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे हैं। जिनके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Uttar Pradesh News : अब पढ़े पूरी मामला
दरअसल, तैलिक महासभा से जुड़ी महिला नेता की ओर से 15 जनवरी को पुलिस को शिकायत पत्र दिया गया था। एसपी का कहना है कि पीड़िता के आरोपों की 2 दिन जांच की गई। पीड़िता का मेडिकल और साक्ष्यों की जांच कराकर शुक्रवार को आरोपी सांसद के खिलाफ रेप सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुकदमा दर्ज कराए जाने के बाद पीड़िता का मजिस्ट्रेट के सामने बयान कराया गया है। बकौल एसपी, पीड़िता ने मजिस्ट्रेट के सामने आरोपों की पुष्टि की है। साथ ही मेडिकल रिपोर्ट में भी इसकी पुष्टि हो गई है।
एसपी के अनुसार, पीड़िता बताए गए जान माल के खतरे के अंदेशे को ध्यान में रखते हुए उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। पीड़िता को गनर उपलब्ध कराया गया है। आवास पर भी सिक्योरिटी बढ़ाई गई है। पुलिस की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।



