ब्यूरो।
मनोज मिश्रा
Meerut News : अधिकारियों ने दिया समाधान का आश्वासन
महानगर में बढ़ती गंदगी, जलभराव, अतिक्रमण हटाने की आड़ में व्यापारियों के साथ हो रही बदसलूकी और मनमाने टैक्स निर्धारण के खिलाफ व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। पश्चिम उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष पं. आशु शर्मा के नेतृत्व में संगठन के प्रमुख पदाधिकारी नगर निगम कार्यालय पहुंचे और नगर आयुक्त से मुलाकात कर व्यापारियों की समस्याओं को विस्तार से रखा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर निगम के अधिकारी ए.सी. दफ्तरों में आराम कर रहे हैं जबकि व्यापारी गंदगी और व्यवस्था की बदहाली से जूझ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दस दिन के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो नगर निगम परिषद में बड़ा धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

Meerut News : जानें क्या हैं पूरी खबर ?
पं. आशु शर्मा ने नगर आयुक्त के सामने सबसे बड़ी शिकायत अतिक्रमण हटाने के नाम पर हो रही जबरदस्ती और गुंडागर्दी को लेकर रखी। उन्होंने कहा कि दुकानदारों ने केवल धूप और बरसात से बचने के लिए तीन फुट तक छोटे शेड लगाए थे, जिन्हें भी निगम कर्मचारी जबरदस्ती तोड़ रहे हैं। हाल ही में हुई पहली बारिश ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी, जब खैरनगर, घंटाघर, नगर निगम मार्केट, गोला कुआं, ब्रह्मपुरी, मलियाना जैसे सभी मुख्य बाजारों में पानी भर गया। दुकानों में पानी घुसने से व्यापारियों के माल का भारी नुकसान हुआ और बाजारों की दयनीय सफाई व्यवस्था के कारण आने वाले दिनों में डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
उन्होंने टैक्स वसूली में धांधली का भी मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। आशु शर्मा ने कहा कि जी.आई.एस. सर्वे के नाम पर मनमाने टैक्स लगाकर व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। सर्वे करने वाली कंपनी ने गलत आकलन कर जिन संपत्तियों पर पहले एक हजार टैक्स था, उसे तीन-चार हजार कर दिया। इसके अलावा नगर निगम के कर्मचारी समय पर हाउस टैक्स की पर्ची वितरित नहीं करते जिससे व्यापारी और आम आदमी समय से टैक्स नहीं भर पाते और उन पर 12.5% ब्याज लग जाता है। उन्होंने मांग रखी कि नगर निगम सभी बाजारों में हाउस टैक्स जमा करने के लिए कैंप लगाए जिससे व्यापारियों को राहत मिले। पथप्रकाश व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि शाम सात बजे के बाद बाजार अंधेरे में डूब जाते हैं और बारिश के मौसम में जलभराव के कारण हादसों का डर और बढ़ जाता है। उन्होंने नगर आयुक्त को चेताया कि एक हफ्ते में सफाई, जलनिकासी और पथप्रकाश व्यवस्था दुरुस्त की जाए अन्यथा व्यापारी सड़कों पर उतरकर विरोध करेंगे। नगर आयुक्त ने व्यापारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर सरदार मंजीत सिंह कौछड, समर सिंह धार, पीयूष वशिष्ठ, सरताज गाजी, विजय राठी, हाजी सारिक, सनी गुप्ता, विजय ओबेरॉय, सौरभ रस्तोगी, मंसूर जी, इनाम अंसारी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।



