Meerut News : सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें छात्रों को नमाज पढ़ते देखा जा रहा है। वीडियो के वायरल होते ही हड़कंप मचा तो पता लगा वायरल वीडियो मेरठ जिले के गंगानगर स्थित आईआईएमटी विश्वविद्यालय का है। जिसे खालिद मेवाती नामक एक इंस्टाग्राम पेज पर अपलोड किया गया है, जिसमें विश्वविद्यालय के छात्र खुलेआम नमाज अदा करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

Meerut News : हिंदू संगठन ने जताई आपत्ति
उधर, वीडियो के वायरल होते ही हिंदू संगठन के नेता सचिन सिरोही ने आपत्ति जताते हुए कहा कि दोनों वीडियो अलग-अलग दिनों के हैं, जो बताता है कि विश्वविद्यालय में पहले से ही नमाज पढ़ी जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सार्वजनिक स्थल पर हनुमान चालीसा पढ़ने पर मुकदमा दर्ज हो सकता है, तो यहां क्यों नहीं। सिरोही ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर भी सवाल उठाए और कहा कि विश्वविद्यालय एक शिक्षा का मंदिर है, जहां सनातन धर्म के मुताबिक, मां सरस्वती का वास होता है। यहां मां सरस्वती की प्रतिमा भी स्थापित है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया तो हिंदू संगठन बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा।

वहीं दूसरी तरफ इसको लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि उनके यहां सभी धर्मों का सम्मान किया जाता है और नमाज पढ़ना कोई अपराध नहीं है। लेकिन सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर तीव्र बहस चल रही है। कुछ लोग इसे धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकार के रूप में देख रहे हैं, जबकि कुछ अन्य इसे सार्वजनिक स्थानों पर धार्मिक गतिविधियों के लिए अनुकूल नहीं मानते।



