ब्यूरो : मनोज मिश्रा
Meerut News : उत्तर प्रदेश के तमाम जिलों में आई तेज आँधी और भारी बारिश के कारण मेरठ सहित डिस्कॉम के कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इस आपदा के तुरंत बाद, प्रबन्ध निदेशक श्रीमती ईशा दुहन ने देर रात मौके पर पहुंचकर 33/11 केवी क्षतिग्रस्त लाईनों और खंभों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को युद्धस्तर पर कार्य कर शीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
ईशा दुहन ने गंगानगर स्थित तलवार पेट्रोल पंप, पुलिस लाइन के निकट सर्किट हाउस समेत विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और बहाली कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक मरम्मत दलों की तैनाती कर आपूर्ति सामान्य की जा रही है। यूनिवर्सिटी रोड, शताब्दी नगर, गंगानगर, पुलिस लाइन समेत कई इलाकों में विद्युत पोल और लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिनकी मरम्मत का कार्य तेजी से चल रहा है।
Meerut News : उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील
प्रबंध निदेशक ने फील्ड अधिकारियों को सतर्कता बरतने और बारिश व तेज हवाओं से गिरे पेड़ों और तारों की तत्काल मरम्मत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बिजली आपूर्ति को सामान्य करने में कुछ समय लग सकता है, इसलिए उपभोक्ताओं से अपील है कि वे धैर्य बनाए रखें और विभाग को सहयोग दें। विद्युत आपूर्ति में किसी भी तरह की समस्या की जानकारी निकटतम बिजली कार्यालय या हेल्पलाइन नंबर 1912 पर दी जा सकती है।
ईशा दुहन ने दोहराया कि डिस्कॉम अपने सभी उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विभाग की प्राथमिकता है कि हर प्रभावित क्षेत्र में जल्द से जल्द बिजली बहाल की जाए।
यह भी पढ़े…
https://lokhitkranti.com/meerut-news-aam-aadmi-partys-sankalp-shivir-concluded-sanjay-singh-roared/



