ब्यूरो : मनोज मिश्रा
Meerut News : आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित एकदिवसीय संकल्प शिविर का आयोजन आज मेरठ में संपन्न हुआ। इस शिविर में पार्टी के राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राज्य में संगठन के विस्तार और आगामी चुनावों को लेकर रणनीति साझा की। संजय सिंह ने अपने भाषण में डॉ. राममनोहर लोहिया के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय के मार्ग पर चलते हुए आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में पिछले 10 वर्षों में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली मॉडल को अब उत्तर प्रदेश में भी जन-आधारित मुद्दों के साथ लागू करने की तैयारी है।

Meerut News : बीजेपी सरकार पर तीखा हमला
आप नेता संजय सिंह ने कहा कि “भाजपा सिर्फ समाज में बंटवारे की राजनीति करती है। मंदिर-मस्जिद, हिंदू-मुस्लिम जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है, जबकि आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से त्रस्त है।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में “भ्रष्टाचार बचाओ अभियान” चलाया जा रहा है। इस दौरान संजय सिंह ने ऐलान किया कि आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में आगामी जिला पंचायत चुनाव पूरे दमखम से लड़ेगी और जनता के साथ मिलकर सड़कों पर उतर कर प्रशासनिक अन्याय के खिलाफ संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि उत्तर प्रदेश की राजनीति भी जनहित के मुद्दों पर केंद्रित हो।

पार्टी के चर्चित युवा नेता और शिक्षक अवध ओझा ने अपने चिर-परिचित अंदाज में कहा कि मौजूदा बीजेपी सरकार “मैक्सिको मॉडल” पर काम कर रही है, जहाँ सारे संस्थानों का नियंत्रण एक व्यक्ति के पास केंद्रित है। उन्होंने मीडिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकारी नियंत्रण से लोकतंत्र कमजोर हो रहा है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में निजी स्कूल माफिया और सरकारी स्कूलों की दुर्दशा पर विस्तार से चर्चा की और कहा कि शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आम आदमी पार्टी पूरी तैयारी से मैदान में उतरेगी।
Meerut News : सोशल मीडिया को बनाया जाएगा जन संघर्ष का हथियार
पूर्व विधायक दिलीप पांडेय और प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी विपिन पाठक ने सोशल मीडिया की भूमिका पर ज़ोर देते हुए कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे स्थानीय जन समस्याओं को सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्मों पर उजागर करें और जनजागरण के अभियान को मजबूत करें। पश्चिमी प्रांत के प्रभारी एडवोकेट सोमेन्द्र ढाका ने संगठन विस्तार पर व्यापक चर्चा करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी अब हर जिले में जनता के साथ मिलकर प्रशासनिक अन्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज़ उठाएगी।

इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक व उत्तर प्रदेश प्रवक्ता अंकुश चौधरी, महानगर अध्यक्ष अंकित गिरी, मुजफ्फरनगर जिला अध्यक्ष अरविंद बालियान, नोएडा से राकेश अवाना, बागपत से ओमवीर सेन, गाजियाबाद से निमित्त यादव, बुलंदशहर से शैलेंद्र लोधी, अलीगढ़ से संजीव कौशिक समेत दर्जनों जिला अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़े…
https://lokhitkranti.com/meerut-news-partapur-spinning-mill-outpost-in-charge-suspended-on-corruption-charges-accused-of-irregularities/



