Madhya Pradesh : मध्य प्रदेश के रीवा से एक ऐसा मामला सामने आया है, जो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां कोर्ट मैरिज करने पहुंचे युवक को वकीलों ने जमकर पीटा। जो हिंदू युवती को लेकर एक वकील के चेंबर में पहुंचा था। लेकिन पहचान उजागर होने पर वकीलों ने लव जिहाद का आरोप लगाते हुए युवक की पिटाई कर दी। मामला जिला न्यायालय का है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। उधर, मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को जीप से और युवक को स्कूटी पर बैठाकर थाने ले आई।
Madhya Pradesh : अब पढ़े पूरा मामला
दरअसल, कोर्ट में वकीलों की हड़ताल के चलते पहले से ही दलील और बहस का काम बंद पड़ा था। वकील अपने चेंबर में बैठकर पुरानी फाइलें निपटा रहे थे। इस दौरान एक मुस्लिम युवक एक ब्राह्मण लड़की को लेकर एक वकील के चेंबर में आया। वकील ने उसे बताया कि स्टॉम्प पर शादी पूरी तरह प्रतिबंधित है। जिसके बाद वह वकीलों से बहस करने लगा। लेकिन वकीलों को जब शक हुआ तो उन्होंने युवक से उसका आधार कार्ड मांगा। आधार कार्ड देखने पर पता चला कि वह मुस्लिम समुदाय से है। अन्य वकील भी मौके पर आए और उसकी पिटाई कर दी।

Madhya Pradesh : वीडियो भी आया सामने
वकील जिस वक्त युवक की पिटाई कर रहे थे। उसी दौरान किसी ने मामले की शिकायत सीएसपी रितु उपाध्याय को दी। सूचना मिलते ही सीएसपी ने तत्काल सिविल लाइन थाना प्रभारी कमलेश साहू को मौके पर भेजा। टीआई सरकारी गाड़ी छोड़कर स्कूटी लेकर आए। उन्होंने भीड़ से युवक-युवती को बाहर निकाला। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मामले में सिविल लाइन थाना प्रभारी कमलेश साहू का कहना है कि युवक और युवती शादी करने के लिए कोर्ट परिसर में आए थे। विवाद की स्थिति बनी तो पुलिस उन्हें थाने लेकर आ गई। युवक का मेडिकल कराया जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।



