M. F. हुसैन : चित्रकार एम.एफ. हुसैन की 1950 के दशक की महत्वपूर्ण कृतियों में से एक, ‘ग्राम यात्रा’ पेंटिंग ने 118 करोड़ रुपये से अधिक की कीमत पर नीलाम होकर आधुनिक भारतीय कला का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। दरअसल, 19 मार्च को न्यूयॉर्क में आयोजित क्रिस्टी नीलामी में इस कृति ने नया इतिहास रचते हुए, पहले से कायम रिकॉर्ड को तोड़ दिया। इससे पहले, अमृता शेरगिल की 1937 की पेंटिंग ‘द स्टोरी टेलर’ को 2023 में मुंबई में हुई नीलामी में 61.8 करोड़ रुपये में बेचा गया था। ग्राम यात्रा की नीलामी ने लगभग दोगुनी कीमत प्राप्त की, जिससे यह अब तक की सबसे महंगी आधुनिक भारतीय कला कृति बन गई है।
‘ग्राम यात्रा’ का अर्थ ‘गांव की तीर्थयात्रा’ है और इसे हुसैन की कृतियों की आधारशिला माना जाता है। यह कृति स्वतंत्र भारत की विविधता और गतिशीलता को दर्शाती है। क्रिस्टी के दक्षिण एशियाई आधुनिक और समकालीन कला विभाग के प्रमुख, निशाद अवारी ने बताया, “हमें एम.एफ. हुसैन और इस श्रेणी की कृति के लिए नया मानक मूल्य स्थापित करने का हिस्सा बनने पर गर्व है। यह एक ऐतिहासिक क्षण है।”

यह चित्रकला 1954 में तैयार की गई थी और उसी वर्ष इसे यूक्रेन में जन्मे नॉर्वे के चिकित्सक लियोन एलियास वोलोडार्स्की ने खरीदी थी, जिसके कारण यह कृति लंबे समय तक भारत में नहीं देखी जा सकी।



