Ludhiana News : पंजाब के लुधियाना के शेरपुर इलाके में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक नीले प्लास्टिक ड्रम से एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। ड्रम से तेज बदबू आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने जब ड्रम खोला तो शव देखकर सभी हैरान रह गए।
Ludhiana News : प्लास्टिक के बोरे में लिपटा शव
पुलिस के मुताबिक, शव प्लास्टिक के बोरे में लिपटा हुआ था और उसके पैर व गला रस्सी से बंधे हुए थे। प्रारंभिक जांच में कोई बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं, लेकिन शव की स्थिति बहुत खराब है, जिससे अंदेशा है कि हत्या कई दिन पहले की गई है। शेरपुर थाना प्रभारी कुलवंत कौर ने जानकारी दी कि मृतक का चेहरा देखकर वह प्रवासी श्रमिक प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
घटनास्थल से बरामद ड्रम एकदम नया प्रतीत हो रहा है, जिससे पुलिस को शक है कि हत्या पूरी योजना के तहत की गई है और शव को छिपाने के लिए विशेष रूप से यह ड्रम खरीदा गया। पुलिस ने लुधियाना की 42 ड्रम निर्माता कंपनियों की लिस्ट तैयार की है और जांच कर रही है कि हाल के दिनों में किस-किस को यह ड्रम बेचे गए।
Ludhiana News : CCTV फुटेज और संदिग्ध वाहनों की जांच जारी
घटना स्थल के 5 किलोमीटर के दायरे में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सिटी कैमरे, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के विजुअल्स को खंगालकर संदिग्ध गतिविधियों और वाहनों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने अब तक कुछ संदिग्ध वाहनों के नंबर चिन्हित भी कर लिए हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में उत्तर प्रदेश के मेरठ में भी इसी तरह की वारदात सामने आई थी, जिसमें मुस्कान नाम की महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर शव को नीले ड्रम में छिपा दिया था। लुधियाना की घटना में भी नीला ड्रम मिलने के बाद पुलिस दोनों मामलों के बीच संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है।



