Gurugram News : गुरुग्राम के सेक्टर 50 थाना प्रभारी (एसएचओ) पर दिल्ली की एक महिला अधिवक्ता ने यौन उत्पीड़न और अमानवीय व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में दिल्ली के सब्जी मंडी थाने में शिकायत दी गई, जिसके आधार पर जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला गुरुग्राम पुलिस को जांच के लिए स्थानांतरित किया गया है। गंभीरता को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस आयुक्त ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है, जो एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपेगी।
Gurugram News : क्या है मामला?
शिकायत के अनुसार, 22 मई की रात महिला अधिवक्ता को एक मामले में पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया, जहां उन्हें कथित रूप से देर रात तक बिठाए रखा गया। इसी दौरान महिला का आरोप है कि थाना प्रभारी ने उनसे अभद्र व्यवहार किया और यौन उत्पीड़न किया। वहीं, इससे पहले 21 मई को गुरुग्राम सेक्टर 50 थाने में महिला अधिवक्ता के खिलाफ भी एक एफआईआर दर्ज की गई थी। इस एफआईआर में एक महिला पुलिसकर्मी और अन्य अधिकारियों के साथ मारपीट, अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप हैं।
Gurugram News : थाने में हंगामे का आरोप
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, 21 मई को एक दंपती के पारिवारिक विवाद के मामले में पूछताछ चल रही थी, तभी महिला अधिवक्ता थाने पहुंचीं। आरोप है कि अधिवक्ता ने बिना अनुमति के पूछताछ कक्ष में घुसकर महिला पक्ष को थप्पड़ मारा। बीच-बचाव करने पर महिला सिपाही सोनू से भी मारपीट की गई, और उन्हें धक्का देकर गिरा दिया गया। जब थाना प्रभारी सत्यवान वहां पहुंचे तो अधिवक्ता ने उनसे भी दुर्व्यवहार किया और पुलिसकर्मियों को नौकरी से हटवाने की धमकी दी। इस घटना के बाद अधिवक्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 121(1), 132, 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया।
Gurugram News : दोनों एफआईआर की जांच के लिए SIT गठित
महिला अधिवक्ता द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए गुरुग्राम पुलिस आयुक्त ने एसीपी सुरेंद्र कौर के नेतृत्व में SIT गठित की है। टीम को एक सप्ताह के भीतर पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
Gurugram News : पुलिस की ओर से बयान
पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी। जहां एक ओर महिला अधिवक्ता के आरोपों की जांच की जा रही है, वहीं दूसरी ओर थाने में सरकारी कार्य में बाधा और मारपीट की एफआईआर भी जांच के दायरे में है।
यह भी पढ़े…
https://lokhitkranti.com/meerut-news-bike-rider-kisses-a-burqa-clad-woman-video-goes-viral-police-start-investigation/



