Banke Bihari Temple : वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर से जुड़ा एक वीडियो काफी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह से श्रद्धालु और पुजारियों के बीच मारपीट हो रही है। मारपीट के दौरान दो महिलाओं सहित तीन श्रद्धालु घायल हुए हैं। जो मुंबई से आए हुए थे। मारपीट की ये घटना मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। इसमें दिख रहा है कि सेवादार से पहले बात होती है, फिर विवाद होने के बाद दोनों एक-दूसरे को लात-घूंसे मारने लगते हैं। तभी सेवादार गोस्वामी आ जाते हैं। श्रद्धालुओं को पीटना शुरू कर देते हैं।
Banke Bihari Temple : प्रसाद चढ़ाने को लेकर हुआ था विवाद
मामले पुलिस तक पहुंचा तो पूछताछ करने पर पता चला श्रद्धालु और सेवादार के बीच प्रसाद चढ़ाने को लेकर विवाद हुआ था। दरअसल, मुंबई से 17 श्रद्धालुओं का एक ग्रुप ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर दर्शन करने पहुंचा था। जगमोहन में पहले से ही श्रद्धालुओं की भीड़ थी। गोस्वामी परिवार के कुछ युवक पहले से मौजूद थे। उनके साथ कई लोग थे, जिन्हें वह दर्शन कराने आए थे। इस बीच आगे आने और चढ़ावे को लेकर मुंबई से आए श्रद्धालुओं से झगड़ा हो गया। फिर मारपीट शुरू हो गई। मंदिर परिसर में भारी भीड़ के बीच ही सेवायत गोस्वामी युवकों ने एक श्रद्धालु पर घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। जिससे दर्शन कर रहे श्रद्धालुओं में अफरा तफरी फैल गई।
इस घटना के बाद पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने डॉ. घनश्याम, लक्ष्मी और सुमन का मेडिकल भी करवाया है। उधर, पुलिस चौकी में लक्ष्मी ने बताया कि हम लोग मुंबई से आए हैं। सुबह से लाइन में लगे हुए थे। 3 घंटे बाद दर्शन का नंबर आया। जो लोग पहले से खड़े थे, उन्हें हटने को कहा गया। मगर वह किसी को आगे नहीं जाने दे रहे थे। कोई खास बात भी नहीं हुई थी। हम लोग को दर्शन करने आए थे, झगड़ा नहीं। वही लोग उल्टा-सीधा बोलने लगे। फिर कुछ लड़कों ने हम लोगों के साथ भी मारपीट की। इसके बाद श्रद्धालु ही हम लोगों को लेकर पुलिस चौकी लाए हैं।
वहीं इस मामले में वृंदावन कोतवाली प्रभारी रवि त्यागी का कहना है कि झगड़े की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची। श्रद्धालुओं का मेडिकल कराया है। मंदिर के CCTV देखी गई है। इस मामले में जो विधिक कार्यवाही की जाएगी।



