Bollywood News : इन दिनों रियलिटी शो होस्ट करने में हैं बिजी
बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्माता और निर्देशक करण जौहर अक्सर अपनी बेबाकी और दिलचस्प किस्सों के लिए चर्चा में रहते हैं। करण जौहर को फिल्म इंडस्ट्री में गॉसिप किंग कहा जाता है और उनकी कई फिल्मी सितारों से गहरी दोस्ती है। वह न सिर्फ सितारों के साथ पार्टी करते हैं बल्कि उनके साथ एक खास व्हाट्सएप ग्रुप भी चलाते हैं, जहां पर इंडस्ट्री के भीतर की बातें और चर्चाएं होती हैं। हाल ही में करण जौहर ने एक इंटरव्यू में फिल्म बिरादरी के इस ग्रुप को लेकर बड़ा खुलासा किया है, जिसने उनके चाहने वालों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।
Bollywood News : जानें क्या हैं पूरी खबर ?
करण जौहर बरखा दत्त के मोजो स्टोरी शो में पहुंचे थे, जहां एक दर्शक ने उनसे सवाल किया कि क्या उन्होंने कभी फिल्म बिरादरी वाले इस ग्रुप को लेकर कोई फिल्म बनाने या किताब लिखने का सोचा है। इस पर करण पहले हैरान रह गए और फिर हंसते हुए कहा कि अगर कभी उनके और उनके दोस्तों के उस व्हाट्सएप ग्रुप की बातें सार्वजनिक हो गईं तो उन्हें मुंबई छोड़कर लंदन भागना पड़ जाएगा। करण ने यह भी बताया कि उस व्हाट्सएप ग्रुप में वे और उनके दोस्त किस तरह की बातें करते हैं। उन्होंने कहा कि वे लोग बहुत ईमानदारी और बेबाकी से आसपास के माहौल, फैशन और फिल्मों का विश्लेषण करते हैं। वे एक-दूसरे की आलोचना करने से भी नहीं चूकते और हर चीज की खुलकर समीक्षा करते हैं। करण ने माना कि उन चर्चाओं को वे लोग कभी सार्वजनिक रूप से नहीं कह सकते क्योंकि वे बहुत निजी और बेबाक होती हैं।
‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ के बाद करण जौहर ने फिलहाल निर्देशन से दूरी बना रखी है और अब वे प्रोडक्शन और टीवी शो होस्टिंग में व्यस्त हैं। इन दिनों करण जौहर रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स’ को होस्ट कर रहे हैं, जिसमें उनकी होस्टिंग स्टाइल भी खूब पसंद की जा रही है। इसके अलावा करण के धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी फिल्म ‘सरजमीन’ भी 25 जुलाई को ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर रिलीज होने जा रही है। करण का यह खुलासा एक बार फिर दिखाता है कि वह न केवल शानदार निर्देशक और निर्माता हैं बल्कि इंडस्ट्री के भीतर की बातें भी बिना लाग-लपेट के कहने की हिम्मत रखते हैं। उनके इस इंटरव्यू ने इंडस्ट्री के गुपचुप माहौल की एक झलक दिखा दी है, जिससे फैन्स अब और ज्यादा जानने को उत्सुक हैं।



