Rajasthan Budget 2026-27: राजस्थान विधानसभा के 16वें सत्र के पंचम सत्र में मंगलवार को बजट (Rajasthan Budget 2026-27) पर जोरदार चर्चा हुई। संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल (Jogaram Patel) ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बजट किसी प्रकार की लोकलुभावनी घोषणाओं का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह राजस्थान के समग्र और स्थायी विकास का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करता है।
बजट में दीर्घकालीन दृष्टिकोण
पटेल ने बताया कि यह बजट वर्ष 2047 तक विकसित राजस्थान के विजन को साकार करने की दिशा में दूरदर्शी दृष्टिकोण रखता है। इस वर्ष भारत स्वतंत्रता का 100वां वर्ष पूरा करेगा और तब राजस्थान एक समृद्ध, विकसित एवं अग्रणी राज्य के रूप में उभरेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बजट (Rajasthan Budget 2026-27) पर विपक्ष द्वारा उठाए गए कई आरोप तथ्यहीन और भ्रामक थे। विशेष रूप से गो-संरक्षण और कानून व्यवस्था से जुड़े आरोप पूर्णतः असत्य हैं। राजस्थान में गो-संरक्षण का पहला कानून वर्ष 1995 में भैरों सिंह जी के नेतृत्व में लाया गया था और वर्तमान सरकार इस दिशा में पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Read More: बजट से विकास की नई दिशा, कोटा बनेगा IT हब, स्वास्थ्य और उद्योग को बड़ा बूस्ट
किसानों के लिए ऐतिहासिक निर्णय
संसदीय कार्य मंत्री ने बताया कि वित्त मंत्री ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम उठाए। प्रदेश में पहली बार किसानों की दीर्घकालीन समस्या का समाधान किया गया है।कई स्थानों पर खातेदारी भूमि और सड़क के बीच सरकारी भूमि होने के कारण किसानों को अपनी भूमि तक पहुंचने में कठिनाई होती थी। अब 20 फीट चौड़े मार्ग के लिए डीएलसी की दोगुनी दर जमा कराने पर किसानों को सीधे मार्ग प्रदान किया जाएगा। यह निर्णय भविष्य में भूमि विवादों को कम करने और किसानों को सीधा लाभ देने में सहायक होगा।
जल प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण
पटेल ने पश्चिमी राजस्थान की प्रमुख नदियों जैसे जोजरी नदी और पचपदरा एवं तिलवाड़ा क्षेत्रों में प्रदूषित जल की समस्या का समाधान करने की पहल का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पाइपलाइन के माध्यम से प्रदूषित जल को रिफाइनिंग कर पुनः उपयोग में लाने की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी। इस पहल से न केवल किसान बल्कि आसपास रहने वाले हजारों नागरिकों एवं पूरे क्षेत्र को स्थायी लाभ (Rajasthan Budget 2026-27) मिलेगा।
सड़क, पेयजल और आधारभूत संरचना
संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि सड़क नेटवर्क, पेयजल आपूर्ति, ऊर्जा और अन्य आधारभूत संरचना क्षेत्रों में बजट (Rajasthan Budget 2026-27) में किए गए निवेश राज्य के विकास को नई गति देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वित्त मंत्री ने विधानसभा में विपक्ष द्वारा प्रस्तुत भ्रामक आंकड़ों और तथ्यों का प्रमाणिक और सटीक उत्तर देकर सभी संदेह दूर कर दिए।
स्थायी और समग्र विकास
जोगाराम पटेल ने जोर देकर कहा कि राजस्थान का यह बजट (Rajasthan Budget 2026-27) केवल वित्तीय योजनाओं का संग्रह नहीं है, बल्कि यह प्रदेश को वर्ष 2047 तक विकसित, समृद्ध और अग्रणी बनाने का रोडमैप है। उन्होंने सभी नागरिकों और किसानों से सहयोग और विश्वास बनाए रखने की अपील की, ताकि विजन ‘विकसित राजस्थान @2047’ को साकार किया जा सके। राजस्थान सरकार का यह कदम राज्य के दीर्घकालीन और स्थायी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
Also Read: राजस्थान बजट 2026: विकसित राजस्थान का रोडमैप, गरीब-युवा-किसान और नारी शक्ति पर बड़ा फोकस



