राजनीति : उत्तर प्रदेश के संभल जिले में हुई हिंसा को सपा चीफ अखिलेश यादव ने ‘सोची-समझी साजिश’ करार देते हुए लोकसभा में मांग की कि घटना के लिए जिम्मेदार पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को निलंबित कर उनके खिलाफ हत्या का मुकदमा चलाया जाए। अखिलेश यादव ने निचले सदन में शून्यकाल में इस विषय को उठाते हुए कहा कि “संभल में पिछले दिनों अचानक हुई हिंसा की घटना को सोची-समझी साजिश के तहत अंजाम दिया गया। संभल में सालों से लोग भाईचारे से रहते आए हैं। इस घटना से इस भाईचारे को ‘गोली मारने’ का काम किया गया।
राजनीति : भाजपा पर अखिलेश ने कसा तंज
संभल की शाही जामा मस्जिद में सर्वे का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि “देश के कोने-कोने में भाजपा और उसके सहयोगी, समर्थक और शुभचिंतक बार-बार ‘खुदाई’ की बात करते हैं जिससे देश का सौहार्द, भाईचारा और गंगा-जमुनी तहजीब खो जाएगी।” अखिलेश ने दावा किया कि एक बार स्थानीय अदालत के आदेश पर संभल की शाही जामा मस्जिद के अंदर सर्वे का काम पूरा कर चुके पुलिस और प्रशासन के अधिकारी कुछ दिन बाद दोबारा सर्वे के लिए पहुंच गए और उनके पास अदालत का कोई आदेश नहीं था।
इस बीच सदन में जब अखिलेश यादव संभल हिंसा पर अपनी बात रख रहे थे तो केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने उन्हें टोकने की कोशिश की। जिसपर अखिलेश ने गिरिराज पर तंज कसते हुए कहा कि ये यात्रा रुकी क्यों हैं, यात्रा ले जाओ दूसरी तरफ। आपको बता दें गिरिराज सिंह ने बिहार में हिंदू स्वाभिमान यात्रा निकाली थी, जिससे भाजपा ने दूरी बनाए रखी।



