बिहार के नालंदा जिले से बड़ी खबर सामने आई है। यहां नीतीश सरकार (Nitish Kumar) के मंत्री श्रवण कुमार (Shravan Kumar) और स्थानीय विधायक पर ग्रामीणों ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में मंत्री और विधायक ने किसी तरह एक किलोमीटर तक दौड़कर अपनी जान बचाई, जबकि उनका बॉडीगार्ड घायल हो गया।
शोक जताने पहुंचे थे मंत्री और विधायक
मामला हिलसा थाना क्षेत्र के मलावा गांव का है। दरअसल, कुछ दिन पहले यहां एक दर्दनाक सड़क हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई थी। मंगलवार सुबह मंत्री और विधायक मृतकों के परिवार से मिलने और शोक प्रकट करने पहुंचे थे। लेकिन संवेदना व्यक्त करने के कुछ समय बाद ही ग्रामीणों ने उन पर हमला कर दिया।
Nitish Kumar के मंत्री पर कैसे हुआ हमला ?
जानकारी के अनुसार, जैसे ही मंत्री और विधायक मृतकों के घर से बाहर निकले, भीड़ ने अचानक उन पर पथराव और हमला कर दिया। इस अफरातफरी में दोनों नेताओं ने भागकर अपनी जान बचाई। वहीं, उनके साथ तैनात सुरक्षाकर्मी पर पत्थर लग गया, जिससे वह घायल हो गया।

सड़क हादसे से नाराज थे ग्रामीण
23 अगस्त को पटना जिले के शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के सिगारियामा में ऑटो और ट्रक की भीषण टक्कर हुई थी। इसमें मलावा गांव की नौ महिलाओं और एक ऑटो चालक की मौके पर मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद से ही ग्रामीण गुस्से में थे।
उनका आरोप है कि इतनी बड़ी घटना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले में हुई, फिर भी सरकार और जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवारों की सुध नहीं ली। यही आक्रोश हमले की वजह बना।

प्रशासन अलर्ट, गांव बना पुलिस छावनी
घटना की जानकारी मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू करने की कोशिश की। फिलहाल पूरा गांव पुलिस छावनी में बदल दिया गया है . वहीं, जेडीयू जिलाध्यक्ष का कहना है कि यह हमला नहीं बल्कि स्थानीय लोगों का आक्रोश था। हालांकि, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
Read More: सांसद इकरा हसन के जन्मदिन पर पत्नी डिंपल संग पहुंचे Akhilesh Yadav, गिफ्ट के बदले दिए 100 रुपये



