Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित अन्नपूर्णा गर्ल्स हॉस्टल में शुक्रवार शाम एक बड़ी घटना होने से बच गई। शाम 5:25 बजे हॉस्टल की दूसरी मंजिल पर स्थित एक कमरे के एसी कंप्रेशर के फटने से आग लग गई। आग के कारण हॉस्टल में धुआं भर गया, जिससे छात्राओं के बीच अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद, दो छात्राओं ने जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल से कूदने का प्रयास किया, जिसमें से एक छात्रा को मामूली चोटें आईं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

Greater Noida News : क्या था आग लगने का कारण ?
दमकल कर्मियों ने सीढ़ियों के रास्ते अंदर फंसी हुई 160 छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई। घटना के दौरान एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें दो छात्राएं आग से बचने के लिए खिड़की से बाहर उतरती दिख रही हैं। आग लगने से हॉस्टल में घबराहट का माहौल बन गया था, और कई छात्राएं सुरक्षित बाहर निकलने के लिए मदद की गुहार लगा रही थीं। धुएं के कारण उन्हें सांस लेने में भी परेशानी हो रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हॉस्टल की दूसरी मंजिल के एक कमरे में लगे एसी कंप्रेशर के फटने से आग लगी। हालांकि, आग लगने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

दमकल विभाग के अधिकारी विनोद कुमार पांडे के नेतृत्व में दमकल कर्मियों ने तत्परता से राहत कार्य शुरू किया। हॉस्टल की इमारत में धुआं फैलने के कारण अंदर प्रवेश करना मुश्किल था, लेकिन सुरक्षा उपकरण पहनकर दमकलकर्मियों ने सभी 160 छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रशासन अब यह जांच कर रहा है कि क्या हॉस्टल में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम थे। साथ ही, यह भी देखा जा रहा है कि हॉस्टल के पास फायर सेफ्टी के जरूरी उपकरण और एनओसी (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) थे या नहीं।
यह भी पढ़े…
https://lokhitkranti.com/ghaziabad-news-3-workers-died-due-to-boiler-explosion-in-textile-factory-one-in-critical-condition/



