Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र स्थित होराइजन सोसाइटी में उस वक्त हड़कंप मच गया जब यहां खड़ी एक बीएमडब्ल्यू कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते महंगी कार जलकर पूरी तरह से राख हो गई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मौके पर मौजूद किसी शख्स ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जो अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
Greater Noida News : अब पढ़े पूरा मामला
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ये घटना दोपहर के समय की है, जब कार का मालिक वाहन को पार्क करके सोसाइटी के एक फ्लैट में गया था। कुछ ही देर बाद कार के इंजन से धुआं निकलना शुरू हुआ, जो देखते ही देखते भीषण आग में बदल गया। आग की लपटें देख सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई। सोसाइटी के लोगों ने तुरंत फायर सिस्टम का उपयोग कर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग काबू में नहीं आई।

इस बीच किसी ने दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और चार गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया। पुलिस की मानें तो घटना सेक्टर पाई-2 की होराइजन सोसाइटी की है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस जांच करने में जुटी है।
Ghaziabad News : एंबुलेंस में लगी थी आग
गौरतलब है कि इससे पहले गाजियाबाद जिले के थाना इंदिरापुरम में अटलांटा अस्पताल के बाहर खड़ी एक एंबुलेंस में अचानक आग लग गई थी। घटना के समय एंबुलेंस खाली थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई थी। वहीं एंबुलेंस में आग लगने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था। चीफ फायर ऑफिसर ने बताया था कि यह एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी, लेकिन राहत की बात ये थी कि जिस समय एंबुलेंस में आग लगी, उस समय कोई मरीज या मेडिकल स्टाफ मौके पर मौजूद नहीं था। वहीं दूसरी तरफ इस मामले में स्थानीय प्रशासन जांच में जुटा है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।



