स्टेटस सिंबल की चाहत ले डूबी पूरा परिवार
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने स्टेटस सिंबल की चाहत और आर्थिक दबाव के खतरनाक परिणाम को उजागर कर दिया। वालुज एमआईडीसी पुलिस स्टेशन क्षेत्र के तिसगांव इलाके में 18 वर्षीय युवक कुणाल चांदगुडे की आईफोन खरीदने की जिद और उसकी किस्तें न चुका पाने की मानसिक परेशानी ने पूरे परिवार को असमय काल के गाल में धकेल दिया। इस हादसे में कुणाल के साथ उसके माता-पिता मुरलीधर और संगीता चांदगुडे की भी जान चली गई।
EMI को लेकर पिता से हुई थी तीखी बहस
पुलिस के अनुसार कुणाल ने आईफोन खरीदा था लेकिन मासिक किस्तें चुकाने में असमर्थ होने पर परिवार से पैसे मांग रहा था। ईएमआई भुगतान को लेकर पिता से हुई तीखी बहस के बाद गुस्से में वह सुबह करीब 10 बजे घर से निकलकर तिसगांव की खवल्या पहाड़ी पर चढ़ गया और वहां से नीचे कूदने की धमकी देने लगा।
तीन घंटे तक समझाने की कोशिश, फिर भी नहीं माना कुणाल
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण, पूर्व सरपंच और परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने उसे नया मोबाइल दिलाने और भविष्य को लेकर समझाने की भरसक कोशिश की। स्थिति गंभीर होते देख पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और सुरक्षा इंतजाम किए, लेकिन करीब तीन घंटे की मशक्कत के बावजूद कुणाल को मनाया नहीं जा सका।
पिता की जान बचाने की कोशिश में हुई दुर्घटना, मां भी नहीं बची
दोपहर करीब एक बजे पिता मुरलीधर बेटे के करीब पहुंचकर उसे पकड़कर सुरक्षित लाने का प्रयास कर रहे थे, तभी संतुलन बिगड़ने से हादसा हो गया और दोनों पहाड़ी से नीचे गिर गए। पति और बेटे को अपने सामने गिरते देख मां संगीता सदमे में आ गईं और कुछ ही देर बाद उनकी भी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


