Herbs Planting: भारतीय खाने की जान सिर्फ मसालों में नहीं, बल्कि खुशबूदार हर्ब्स में भी छुपी होती है। जब ये हर्ब्स बिल्कुल फ्रेश हों, तो खाने का स्वाद ही नहीं, उसकी खुशबू और पौष्टिकता भी कई गुना बढ़ जाती है। बाजार से लाई गई सब्ज़ियों और हर्ब्स में अक्सर केमिकल्स होते हैं, जबकि घर में उगी चीजें ऑर्गेनिक, सुरक्षित और ज्यादा फायदेमंद होती हैं।
अगर आपके पास बालकनी, छत या छोटा-सा किचन गार्डन है, तो आप आसानी से कुछ जरूरी हर्ब्स उगा (Herbs Planting) सकते हैं। इससे लास्ट मिनट में बाजार भागने की परेशानी भी खत्म हो जाएगी। आइए जानते हैं ऐसे 7 पौधों के बारे में, जिनकी 4-5 पत्तियां ही आपकी डिश का टेस्ट दोगुना कर देंगी।
1. मैक्सिकन मिंट (अजवाइन पत्ता)
मैक्सिकन मिंट को कई लोग अजवाइन का पौधा समझ लेते हैं, क्योंकि इसकी पत्तियों से बिल्कुल वैसी ही खुशबू आती है। यह पौधा कम देखभाल में आसानी से उग जाता है।
पराठे, चटनी, पकोड़े, रोटी, साउथ इंडियन तम्बुली, सूप, मसाला छाछ और रायता – हर डिश में इसकी पत्तियां खुशबू और स्वाद बढ़ा देती हैं।
2. तेज पत्ता
तेज पत्ता भारतीय रसोई का अहम हिस्सा है। पुलाव, जीरा राइस, बिरयानी, राजमा, छोले, मटर पनीर जैसी डिशेज में इसका इस्तेमाल खाने को खास खुशबू देता है। घर में तेज पत्ता का पौधा लगाने का फायदा यह है कि जरूरत पड़ने पर आप फ्रेश पत्तियां तोड़कर इस्तेमाल कर सकते हैं। यह सेहत के लिए भी लाभकारी माना जाता है।
3. करी पत्ता
आजकल करी पत्ता सिर्फ स्वाद के लिए नहीं, बल्कि बालों और त्वचा के लिए भी जाना जाता है। दक्षिण भारतीय खाने में इसका खूब इस्तेमाल होता है। बालकनी या किचन गार्डन में करी पत्ता का एक पौधा जरूर लगाएं। यह ज्यादा जगह नहीं लेता और सालभर पत्तियां देता है।
4. पुदीना

पुदीना किसी भी डिश या ड्रिंक को इंस्टेंट फ्रेश टच दे देता है। मोजितो, छाछ, लेमोनेड, मिंट ड्रिंक या चटनी 2–3 पत्तियां ही काफी होती हैं। पेट की समस्या, मितली और उल्टी में भी पुदीना बेहद फायदेमंद है। यह तेजी से बढ़ने वाला पौधा है और नए गार्डनर्स के लिए बेस्ट है।
5. हरा धनिया
धनिया भारतीय रसोई की सबसे बेसिक और सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाली हर्ब है। लगभग हर मसालेदार डिश इसके बिना अधूरी लगती है। आप घर पर आसानी से देसी धनिया उगा सकते हैं। इससे आपको हमेशा फ्रेश धनिया मिलेगा और बाजार पर निर्भरता कम होगी।
6. स्प्रिंग अनियन (हरा प्याज)
हरा प्याज दाल, सब्ज़ी, नूडल्स और सलाद में स्वाद और रंग दोनों बढ़ाता है। इसे उगाना बेहद आसान है। बस प्याज के जड़ वाले हिस्से को मिट्टी में लगा दें, कुछ ही दिनों में हरी पत्तियां निकल आएंगी।
7. ग्रीन गार्लिक (हरा लहसुन)
हरा लहसुन तड़के में इस्तेमाल करने पर खाने का स्वाद अलग ही लेवल पर ले जाता है। लोग इसे सब्ज़ी के रूप में भी पसंद करते हैं। घर में कंटेनर या गमले में लहसुन उगाकर आप हमेशा फ्रेश ग्रीन गार्लिक पा सकते हैं।
क्यों उगाएं हर्ब्स (Herbs Planting) घर पर?
घर में हर्ब्स उगाने (Herbs Planting) से न सिर्फ खाने का स्वाद बेहतर होता है, बल्कि यह सेहत, पैसे और समय तीनों की बचत करता है। थोड़ी-सी देखभाल से आपका किचन गार्डन आपको रोजाना फ्रेश और खुशबूदार हर्ब्स देता रहेगा।
Also Read: जूसी-रिफ्रेशिंग टेस्ट और नींबू की खुशबू… घर पर बनाएं बेकरी जैसा सॉफ्ट लेमन केक



