Champions Trophy 2025 : कंगारुओं पर टीम इंडिया ने दर्ज की शानदार जीत
टीम इंडिया ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में जगह बना ली है। मंगलवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 4 विकेट से मात दी। इस रोमांचक मुकाबले में भारत ने लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार खेल दिखाया और 49वें ओवर में जीत दर्ज की।ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 264 रन बनाए। जवाब में भारत ने मजबूत शुरुआत की और अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ने सबसे अधिक 84 रनों की अहम पारी खेली। टीम इंडिया ने 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
भारत की इस जीत के बाद देशभर में जश्न का माहौल है। सोशल मीडिया पर फैंस अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं, वहीं विभिन्न राजनीतिक नेताओं और क्रिकेट प्रेमियों ने टीम इंडिया को बधाई दी है। अब भारतीय टीम की नजरें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां वह खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बयान
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस जीत पर खुशी जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “कौशल और दृढ़ संकल्प का क्या शानदार प्रदर्शन! टीम इंडिया ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश किया. आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी सेमीफाइनल में रोमांचक जीत के लिए हमारे लड़कों को बधाई. आपने देश को गौरवान्वित किया. फाइनल के लिए शुभकामनाएं.”
नितिन गडकरी का उत्साहपूर्ण संदेश
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी इस ऐतिहासिक जीत पर खुशी जाहिर की और लिखा, “भारत चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में पहुंचा! ऑस्ट्रेलिया पर एक सनसनीखेज जीत, जोश, दृढ़ता और विशुद्ध प्रभुत्व से प्रेरित. सपना अब बस एक कदम दूर है – इतिहास में अपना नाम दर्ज कराने की एक आखिरी लड़ाई. राष्ट्र एकजुट होकर गौरव की जय-जयकार कर रहा है.”
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की बधाई
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने टीम इंडिया को फाइनल में पहुंचने के लिए हार्दिक बधाई दी और कहा, “फाइनल में! सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार जीत के लिए भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को हार्दिक बधाई. ब्लू में पुरुषों ने एक बार फिर असाधारण टीमवर्क, दृढ़ संकल्प और क्लास का प्रदर्शन किया है. उन्हें इस जीत की लय को जारी रखने और ट्रॉफी घर लाने के लिए शुभकामनाएं.”
चिराग पासवान का गर्वित संदेश
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बधाई देते हुए लिखा, “अजेय भारत, विजयी भारत, गर्वित भारत! चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को पराजित कर फाइनल में प्रवेश करने पर भारतीय क्रिकेट टीम के सभी खिलाड़ियों और समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई! टीम इंडिया ने न केवल जीत दर्ज की, बल्कि अपने कौशल, धैर्य और अदम्य जज़्बे से करोड़ों भारतीयों का दिल भी जीत लिया. यह प्रदर्शन भारतीय क्रिकेट के गौरवशाली सफर की एक और ऐतिहासिक कड़ी है! जय हिंद!”
कांग्रेस ने भी दी बधाई
कांग्रेस पार्टी ने भी इस जीत पर खुशी जताते हुए लिखा, “भारतीय क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंच गई है. सभी खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन से टीम इंडिया ने ये ‘विराट’ जीत हासिल की है. इस शानदार प्रदर्शन के लिए सभी खिलाड़ियों को बधाई और फाइनल के लिए टीम को शुभकामनाएं. जय हिंद.”
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री का संदेश
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टीम इंडिया की जीत पर बधाई देते हुए लिखा, “ऐतिहासिक विजय..! चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को करारी शिकस्त देकर फाइनल में स्थान सुनिश्चित करने पर भारतीय क्रिकेट टीम के होनहार खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. विश्व पटल पर भारत की विजय पताका फहराने वाले आप सभी खिलाड़ियों पर समस्त देशवासियों को गर्व है. जय हिंद!”
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का संदेश
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी टीम को बधाई दी और लिखा, “शाबाश टीम इंडिया! ऑस्ट्रेलिया को परास्त करके आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में प्रवेश करने पर टीम इंडिया को हार्दिक बधाई. आप ऐसे ही चैंपियंस की तरह खेलते रहें और फाइनल जीतकर देशवासियों को गौरवान्वित करें. फाइनल मैच के लिए आपको बहुत-बहुत शुभकामनाएं.”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की शुभकामनाएं
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टीम को बधाई देते हुए लिखा, “चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को पराजित कर 140 करोड़ भारतवासियों को हर्षित और गर्वित करने वाली भारतीय क्रिकेट टीम को हार्दिक बधाई! फाइनल मैच हेतु आप सभी को अग्रिम शुभकामनाएं! जय हिंद!”
भारत की चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया पर जीत ने न केवल क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीता, बल्कि पूरे देश को गर्वित किया. अब टीम इंडिया की नजरें फाइनल पर हैं, जहां वे अपनी जीत की लय को बनाए रखने और ट्रॉफी अपने घर लाने के लिए तैयार हैं।



