Hapur News : जनपद हापुड़ मुख्यालय परिसर में पूर्व सैनिकों की एक बैठक आयोजित की गई जिसमें लेखपाल सुभाष मीणा प्रकरण में जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय के विरुद्ध चल रहे धरने की कड़ी निंदा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर जिलाधिकारी को समर्थन दिया गया और निर्णय लिया गया कि 14 जुलाई 2025 को मंडलायुक्त मेरठ को इस संबंध में पत्र भेजा जाएगा जिसकी एक प्रति माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी प्रेषित की जाएगी।
Hapur News : बैठक में जिला सैनिक बंधु के उपाध्यक्ष वारंट आफिसर चौधरी मनबीर सिंह ने कहा कि वर्ष 2011 में हापुड़ के गठन के बाद यहां के लोगों को एक ईमानदार, न्यायप्रिय और गरीबों का हमदर्द जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय के रूप में मिला है। उन्होंने कहा कि उनकी लोकप्रियता का प्रमाण उनके कार्यालय में बढ़ती फरियादियों की संख्या और वहां से बाहर निकलने वाले लोगों के आत्मविश्वास भरे चेहरे हैं। अभिषेक पाण्डेय की कार्यशैली से सरकारी तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है जिससे वे लोग परेशान हैं जो बिना रिश्वत के काम नहीं करते थे।
Hapur News : पूर्व सैनिकों ने क्या आरोप लगाया ?
पूर्व सैनिकों ने आरोप लगाया कि कुछ तत्व लेखपाल सुभाष मीणा की आत्महत्या को ढाल बनाकर एक ईमानदार अधिकारी के खिलाफ आंदोलन और दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी संवेदनाएं मृतक के परिवार के साथ हैं लेकिन आत्महत्या किसी समस्या का समाधान नहीं है। आत्महत्या के असली कारणों की विस्तृत जांच होनी चाहिए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि किन परिस्थितियों में ऐसा कदम उठाना पड़ा। पूर्व सैनिकों ने यह भी कहा कि निलंबन कोई बड़ी सजा नहीं होती और थानों में आए दिन निलंबन होते रहते हैं।

Hapur News : बैठक में क्या निर्णय लिया गया ?
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी 26 जुलाई 2025 को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर वीर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी और “एक पेड़ शहीद के नाम” अभियान चलाया जाएगा। इसमें सबके सहयोग की अपेक्षा की गई। इस अवसर पर वारंट आफिसर चौधरी मनबीर सिंह, कैप्टन राजेश चौधरी, कैप्टन महीपाल सिंह, कैप्टन महेश कुमार, सूबेदार मेजर महेंद्र सिंह, सूबेदार जगदीश चौहान, सूबेदार रतनलाल, सूबेदार चंद्रवीर सिंह, हवलदार प्रेम पाल, हवलदार शाहिद, हवलदार के पी सिंह, हवलदार आदिल, सूबेदार अय्यूब अली, ओमवीर, जे डब्ल्यू ओ जयभगवान सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।



