Ghaziabad News : गाजियाबाद जिले में पुलिस प्रशासन के इतने सख्त होने के बाद भी बदमाश अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे है। ताजा मामला मोदीनगर का है, जहां एक महिला छेड़छाड़ के कारण इतनी परेशान है कि वो अब घर से बाहर निकलने में भी घबरा रही है। इस बीच पीड़िता ने स्थानीय पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें एक बाइक सवार युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
Ghaziabad News : अब पढ़े पूरा मामला
पीड़िता अपने पति और दो बच्चों के साथ मोदीनगर की एक कॉलोनी में रहती है। जिसने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि पिछले कुछ दिनों से एक युवक उनका पीछा कर रहा है। आरोपी न केवल उनके पीछे-पीछे आता है, बल्कि अश्लील टिप्पणियां भी करता है। इतना ही नहीं, वह अलग-अलग मोबाइल नंबरों से अश्लील संदेश भी भेज रहा है। पीड़िता के अनुसार, उन्होंने आरोपी के नंबर को ब्लॉक कर दिया, लेकिन फिर भी वह पीछा करना नहीं छोड़ रहा। जब वह बच्चों को स्कूल या ट्यूशन छोड़ने जाती हैं, तब भी आरोपी उनका पीछा करता है। परिस्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि डर के मारे महिला ने घर से बाहर निकलना ही बंद कर दिया है।
मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वे मामले की गंभीरता को समझते हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर महिला सुरक्षा के मुद्दे को सामने ला दिया है।



