Ghaziabad News : गाजियाबाद जिले के मसूरी थाना क्षेत्र की ताज कॉलोनी से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक दंपति ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। पीड़ितों का कहना है कि उन्हें जिंदा दफनाने की धमकी दी जा रही जिनके साथ किसी भी समय अनहोनी हो सकती है। मंगलवार रात नईम नामक युवक अपनी पत्नी मंतशा के साथ मसूरी थाने पहुंचा और इंस्पेक्टर को पूरी घटना की जानकारी देते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई। दंपति ने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार धमकियाँ मिल रही हैं और मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है।
Ghaziabad News : तीन साल पहले हुई थी शादी
मामले में जानकारी देते हुए नईम ने पुलिस को बताया कि उसने तीन साल पहले मंतशा से मुस्लिम रीति-रिवाजों के अनुसार निकाह किया था। विवाह के बाद मंतशा को उनके परिजनों द्वारा शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिससे वह विवश होकर अपने मायके लौट गईं। जब नईम ने अपनी पत्नी से संपर्क करने की कोशिश की, तो उसके साथ मारपीट की गई और उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया। हालात से तंग आकर दोनों ने परिवार से अलग होकर स्वतंत्र रूप से रहने का फैसला किया।
Ghaziabad News : झूठे आरोप लगाकर बदनाम करने की कोशिश
नईम का आरोप है कि उसके परिजनों ने बुलंदशहर के गुलावठी थाने में उसके खिलाफ उसकी पत्नी के अपहरण की झूठी शिकायत दर्ज कराई है, ताकि उनकी छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके। नईम ने एक वीडियो संदेश जारी कर यह स्पष्ट किया कि वह अपनी मर्जी से अपनी पत्नी के साथ रह रहा है और दोनों को साथ रहने का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अनुरोध किया है कि उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की कोशिशों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए और उन्हें शांतिपूर्ण जीवन जीने दिया जाए।
नईम ने कहा कि अगर उसके या उसकी पत्नी के साथ कोई अनहोनी होती है, तो उसके परिवार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया जाए। फिलहाल मसूरी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और दंपति को हरसंभव सुरक्षा देने का आश्वासन दिया गया है।
यह भी पढ़े…
https://lokhitkranti.com/influencer-valeria-marquez-mexicos-famous-beauty-influencer-valeria-marquez-shot-dead-during-live-stream/



