ब्यूरो
संजय मित्तल
Ghaziabad News: गाजियाबाद जिले में सब्जियों के दामों में अचानक जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। बरसात के मौसम और कांवड़ यात्रा के चलते सड़क मार्गों पर अवरोध, दोनों ने मिलकर सब्जियों की आपूर्ति को प्रभावित किया है, जिससे आम जनता की रसोई पर सीधा असर पड़ रहा है।

Ghaziabad News: सब्जियों की कीमतों ने ग्राहकों को किया परेशान
सब्जियों की कीमतों में इस तेजी से बढ़ोत्तरी ने न सिर्फ ग्राहकों को हैरान कर दिया है, बल्कि खुद दुकानदार भी परेशानी में हैं। टमाटर, जो कुछ दिन पहले तक ₹20 प्रति किलो मिल रहा था, अब ₹50 से ₹60 प्रति किलो तक बिक रहा है। वहीं फूलगोभी का दाम ₹50 से बढ़कर ₹80 से ₹100 प्रति किलो तक पहुंच गया है।
धनिया भी इस महंगाई की दौड़ में पीछे नहीं रहा। जहां पहले यह ₹60 से ₹70 किलो मिलता था, अब वही धनिया ₹150 किलो तक बिक रहा है। इसी तरह हरी मिर्च ने भी अपनी तीखी मिजाज़ दिखा दी है। 15 दिन पहले ₹30 प्रति किलो बिकने वाली हरी मिर्च अब ₹100 किलो से भी ऊपर पहुंच गई है।
Ghaziabad News: लगातार बारिश के कारण फसलों को भारी नुकसान

दुकानदारों का कहना है कि बरसात के कारण खेतों में खड़ी फसलें खराब हो रही हैं। इससे उत्पादन घट गया है और सप्लाई पर असर पड़ा है। इसके साथ ही कांवड़ यात्रा के चलते कई मार्गों पर बैरिकेडिंग और ट्रैफिक डाइवर्जन से माल की ढुलाई में देर हो रही है। ट्रांसपोर्टेशन खर्च बढ़ने से माल भाड़ा भी कई गुना हो गया है, जिसका सीधा असर सब्जियों की खुदरा कीमतों पर देखने को मिल रहा है।
स्थानीय सब्जी विक्रेता राजेश कुमार ने बताया, “माल समय पर मंडी तक नहीं पहुंच पा रहा है। जो ट्रक पहले 2 दिन में आते थे, अब 3 से 4 दिन लग रहे हैं। इससे माल खराब भी हो जाता है और भाड़ा भी बढ़ जाता है। मजबूरी में हमें महंगी कीमतों पर सब्जी बेचनी पड़ रही है।”इसी तरह एक गृहिणी रीता शर्मा ने कहा, “हर दिन सब्जियों की कीमत देखकर डर लगने लगा है। महीने का बजट बिगड़ गया है। अब तो आलू-प्याज पर ही गुज़ारा करना पड़ रहा है।”
विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक मौसम सामान्य नहीं होता और कांवड़ यात्रा समाप्त नहीं होती, तब तक दामों में राहत की उम्मीद कम ही है। प्रशासन को चाहिए कि वैकल्पिक व्यवस्था बनाकर सब्जियों की आपूर्ति सुचारु रखे, ताकि आम जनता को थोड़ी राहत मिल सके।
इस महंगाई की मार में जहां गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को अपनी जीविका चलाना मुश्किल हो रहा है, वहीं व्यापारियों को भी रोजाना नुकसान झेलना पड़ रहा है। यदि स्थिति पर जल्द नियंत्रण नहीं पाया गया, तो आने वाले दिनों में महंगाई और भी ज्यादा बढ़ सकती है।



