Ghaziabad News : देश की राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद में आगामी कांवड़ यात्रा 2025 को लेकर तैयारियां तेज़ कर दी गई हैं। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने खुद लोनी से लेकर दूधेश्वर नाथ मंदिर तक का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यात्रा के दौरान सुगम और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं।
Ghaziabad News : सड़कों की मरम्मत और बिजली व्यवस्था पर विशेष ध्यान
डीएम दीपक मीणा ने बताया कि लोनी, मुरादनगर और शहर के अन्य मार्गों पर जहाँ भी सड़कों की हालत खराब पाई गई है, उन्हें दुरुस्त किया जा रहा है। विशेष रूप से मुरादनगर की सड़कों पर ध्यान केंद्रित किया गया है। इसके अलावा, सड़क किनारे लगे बिजली के खंभों पर प्लास्टिक पिन्नी चढ़ाई जा रही है, जिससे बारिश या गीलेपन के कारण करंट का खतरा न रहे और कोई हादसा न हो। साथ ही, जिन मार्गों पर रात के समय अंधेरा रहता है, वहां प्रकाश व्यवस्था के लिए संबंधित विभाग को पत्र भेजा गया है।
Ghaziabad News : सुरक्षा व्यवस्था होगी कड़ी
डीएम ने कहा कि इस वर्ष लाखों श्रद्धालु गाजियाबाद से होकर गुजरेंगे, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा रहा है। खासकर दूधेश्वर नाथ मंदिर जैसे प्रमुख स्थलों पर बैरिकेडिंग की जाएगी, ताकि भक्तों को जल चढ़ाने में कोई असुविधा न हो। आपको बता दें कि कांवड़ यात्रा के दौरान मांस और मछली की सभी दुकानें बंद रहेंगी। शराब की दुकानों को भी तय समय पर ही खोलने और बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।
Ghaziabad News : दुकानों पर नेम प्लेट और मूल्य सूची अनिवार्य
डीएम ने यह भी निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग में लगने वाली सभी दुकानों पर नेम प्लेट अनिवार्य होगी, ताकि श्रद्धालु यह जान सकें कि वे किससे सामान खरीद रहे हैं। इसके अलावा, उचित मूल्य दर का पालन भी सुनिश्चित किया जाएगा। डीएम दीपक मीणा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हमारा प्रयास है कि श्रद्धालु गाजियाबाद से होकर सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धापूर्वक यात्रा कर सकें। सभी विभागों को समन्वय में रहकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़े…
https://lokhitkranti.com/ghaziabad-news-ghaziabad-police-returned-rs-10-crore-from-cyber-fraud/



