ब्यूरो- संजय मित्तल
Ghaziabad News : गाजियाबाद की मेयर सुनीता दयाल ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में अवैध रूप से बनी एक मजार देखकर वह नाराज़ हो गईं। निरीक्षण के दौरान मजार पर चढ़ाई गई हरी चादर और प्रसाद को देखकर उन्होंने तत्काल नगर निगम अधिकारियों और मौलवी से सवाल-जवाब किए।
Ghaziabad News : मेयर ने जताई सख्त आपत्ति
मेयर ने मौके पर मौजूद मौलवी से मजार के निर्माण और संचालन से जुड़ी जानकारी ली और स्पष्ट तौर पर कहा कि ग्रीन बेल्ट जैसी सार्वजनिक संपत्ति पर किसी भी प्रकार का धार्मिक निर्माण अवैध है। उन्होंने यह भी जानना चाहा कि वहां प्रसाद चढ़ाने और पूजा करने कौन-कौन आता है, और यह गतिविधियाँ किसके संरक्षण में चल रही हैं।
Ghaziabad News : FIR दर्ज करने के निर्देश
इस दौरान मेयर सुनीता दयाल ने नगर निगम अधिकारियों को तत्काल मौलवी के खिलाफ FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर की ग्रीन बेल्ट और सार्वजनिक स्थलों का अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे वह किसी भी धर्म या संप्रदाय से जुड़ा हो। मेयर सुनीता दयाल ने कहा कि ग्रीन बेल्ट शहर के पर्यावरण और सौंदर्य का हिस्सा है। यहां किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Ghaziabad News : अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
मेयर ने निरीक्षण के दौरान नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रीन बेल्ट और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर बने सभी अवैध निर्माणों की सूची तैयार की जाए और उनके खिलाफ शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि निगम क्षेत्र में किसी प्रकार की धार्मिक या निजी गतिविधियों के लिए सरकारी जमीन का अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। फिलहाल, नगर निगम के अधिकारी मौके की रिपोर्ट और दस्तावेज़ों के आधार पर जांच कर रहे हैं। जल्द ही FIR दर्ज होने के बाद अवैध मजार को हटाने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
यह भी पढ़े…
https://lokhitkranti.com/ghaziabad-news-water-corporation-employees-protest-demanding-salary-and-pension/



