Ghaziabad News : प्रशासन ने की बुलडोजर कारवाई
गाजियाबाद से बड़ी खबर सामने आई हैं। जहां डासना स्थित ऐतिहासिक तालाब (खसरा संख्या 2076, 2077, 2078) पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए जिला प्रशासन और नगर पंचायत डासना की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। एनजीटी (राष्ट्रीय हरित अधिकरण) के आदेशों के तहत प्रशासन ने बुलडोज़र चलाकर तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराया।
Ghaziabad News : क्या हैं पूरा मामला ?
डासना तालाब को लेकर चल रहे अफसर अली बनाम उत्तर प्रदेश सरकार केस (रिट संख्या 48/2022, एनजीटी कोर्ट दिल्ली) में पहले भी प्रशासन ने कार्रवाई की थी, लेकिन हाल ही में अवैध कब्जों की शिकायतें सामने आई थीं। इस पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए एक बार फिर कार्रवाई का आदेश दिया। जिला प्रशासन के निर्देश पर एसडीएम अरुण दीक्षित, नगर पंचायत डासना के अधिशासी अधिकारी, लेखपाल, नायब तहसीलदार और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। प्रशासन की टीम ने JCB मशीनों की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त किया।
तालाब को अवैध कब्जों से बचाने और जलभराव की समस्या को रोकने के लिए इसके चारों ओर नाला निर्माण किया जा रहा है। इससे न केवल पर्यावरण को फायदा होगा, बल्कि जल निकासी व्यवस्था भी सुचारू रूप से कार्य करेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय निवासियों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आई। कुछ लोगों ने इसे सराहा, क्योंकि इससे तालाब का सौंदर्यीकरण होगा और यह अपने मूल स्वरूप में लौट सकेगा। वहीं, कुछ प्रभावित लोगों ने इस कदम को अनुचित बताया।
इस दौरान थाना वेव सिटी पुलिस प्रशासन की टीम पूरी तरह मुस्तैद रही, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके । प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि भविष्य में भी अवैध कब्जों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई से यह संकेत मिलता है कि जल स्रोतों को सुरक्षित रखने के लिए किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



