Ghaziabad News : गाजियाबाद जिले के विजयनगर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर में बीते दिन मंगलवार को नाली निर्माण को लेकर दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि मामला पथराव और फायरिंग तक पहुंच गया। इस दौरान एक व्यक्ति को गोली लगने से चोट आई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
Ghaziabad News : लाठी-डंडों के साथ फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, मिर्जापुर मोहल्ले में नूरानी मस्जिद के पास नगर निगम की टीम नाली निर्माण का कार्य कर रही थी। इसी दौरान नाली के ढलान की दिशा को लेकर अली जान और असलम पक्ष आमने-सामने आ गए। बहस इतनी बढ़ गई कि देखते ही देखते दोनों तरफ से 20-25 लोग इकट्ठा हो गए और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसके बाद पथराव और लाठी-डंडों के साथ फायरिंग भी हुई।
Ghaziabad News : गोली लगने से एक घायल
पुलिस के अनुसार, इस घटना में अमजद नामक युवक के पेट में छर्रा लगा, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। अन्य घायलों को भी इलाज मुहैया कराया जा रहा है। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) रितेश त्रिपाठी ने बताया कि सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस लगातार गश्त कर रही है। इस पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
यह भी पढ़े…
https://lokhitkranti.com/ghaziabad-news-the-wall-of-an-under-construction-tile-warehouse-collapsed-and-debris-fell-on-mother/



