Ghaziabad News : चाचा ने की ठगी
गाजियाबाद में एक व्यापारी के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जिसमें दुकान का बैनामा करने के नाम पर 32 लाख रुपये की ठगी की गई। पीड़ित धनेश सिंघल ने पुलिस उपायुक्त (नगर) को शिकायत देकर आरोप लगाया कि नवीन कुमार और उसके परिवार ने उसे दुकान बेचने का झांसा देकर भारी रकम ऐंठ ली, लेकिन न तो दुकान का बैनामा किया और न ही पैसे वापस लौटाए।
Ghaziabad News : क्या हैं पूरा मामला ?
इस मामले में दर्ज की गई शिकायत के अनुसार, धनेश सिंघल के चाचा नवीन कुमार की गाजियाबाद के डासना गेट बाजार में कपड़ों की दुकान है। नवीन कुमार ने धनेश को अपनी कमेटी में शामिल कर 5,10,000 रुपये जमा कराए और बाद में व्यापार में घाटे का हवाला देकर 6,75,000 रुपये और उधार लिए। जब धनेश ने अपनी पूरी रकम वापस मांगी, तो नवीन ने अपनी दुकान नंबर-14 को 40 लाख रुपये में बेचने का सौदा तय किया और अग्रिम रूप से 2 लाख रुपये चेक के माध्यम से लिए। इसके बाद धनेश, उसकी पत्नी और मां ने अलग-अलग किश्तों में कुल 32 लाख रुपये का भुगतान किया। नवीन कुमार ने यह दावा किया कि दुकान का मालिकाना हक पाने के लिए उसे अपने भाई-बहनों को भी भुगतान करना होगा, जिसके लिए और पैसे मांगे।
जब धनेश ने नवीन कुमार से दुकान का बैनामा अपने नाम करने के लिए कहा, तो वह टालमटोल करने लगा। कानूनी नोटिस भेजे जाने के बावजूद नवीन कुमार ने कोई जवाब नहीं दिया और तय तारीख पर रजिस्ट्रार कार्यालय में भी हाजिर नहीं हुआ। पुलिस में दर्ज शिकायत में धनेश सिंघल ने नवीन कुमार, उसकी पत्नी कान्ता, और पुत्रियों रिया व नूपुर के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत की जांच शुरू कर दी है।



