Ghaziabad News : आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आज गाजियाबाद के खोड़ा स्थित अंबेडकर पार्क में श्रमदान किया। इस दौरान उन्होंने पार्क में स्वच्छता अभियान चलाया और गंदगी को साफ किया। संजय सिंह ने पार्क की सफाई में भाग लेते हुए वहां मौजूद नागरिकों को भी स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया। साथ ही उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
Ghaziabad News : पीएम मोदी से मांगा हिसाब
पत्रकारों से बात करते हुए सांसद संजय सिंह ने कहा कि सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड की रिपोर्ट चिंताजनक है। रिपोर्ट के मुताबिक, गंगा का पानी न पीने लायक है और न नहाने लायक। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से नमामि गंगे प्रोजेक्ट में खर्च किए गए 40 हजार करोड़ रुपए का हिसाब मांगा। यहीं नहीं महाकुंभ में हुई भगदड़ को लेकर भी सांसद ने सरकार को घेरते हुए कहा कि भगदड़ में मारे गए लोग सनातन धर्म के अनुयायी थे। कई पीड़ित परिवारों को अभी तक मुआवजा नहीं मिला है। यूपी सरकार को इस मामले पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

अपनी बात रखते हुए उन्होंने कहा कि वह उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में पार्कों में श्रमदान करने की योजना बना रहे हैं। अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी और मोदी जी जो चाहें कर सकते हैं। बताते चले कि इस मौके पर स्थानीय निवासियों और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी श्रमदान में हिस्सा लिया। संजय सिंह के इस प्रयास को इलाके में स्वच्छता को बढ़ावा देने के रूप में सराहा गया। यह श्रमदान कार्यक्रम आम आदमी पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियानों के तहत आयोजित किया गया।



