Ghaziabad News : आधिनिक तकनीक से होगा विकसित
गाजियाबाद में एक बड़ी खेल परियोजना के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस वर्ल्ड क्लास शूटिंग रेंज विकसित की जाएगी। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा 10 एकड़ भूमि पर बनने वाली यह शूटिंग रेंज इंटरनेशनल स्पोर्ट्स फेडरेशन के मानकों के अनुरूप बनाई जाएगी। इसका मकसद शूटिंग स्पोर्ट्स के क्षेत्र में गाजियाबाद को एक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय हब के रूप में विकसित करना है। इस महत्वाकांक्षी योजना को प्रदेश सरकार की खेलों को बढ़ावा देने की नीति के तहत तैयार किया गया है ताकि क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को विश्व स्तरीय प्रशिक्षण और सुविधाएं मिल सकें और वे अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
Ghaziabad News : जानें क्या हैं पूरी खबर ?
इस अत्याधुनिक शूटिंग रेंज के परिसर में सिर्फ शूटिंग की सुविधाएं ही नहीं होंगी बल्कि खिलाड़ियों के समग्र विकास के लिए कई दूसरे संसाधन भी मौजूद रहेंगे। इसमें चारों तरफ रनिंग ट्रैक की व्यवस्था होगी जिससे एथलीट अपनी फिटनेस पर भी ध्यान दे सकें। इसके अलावा परिसर में एक इंटीग्रेटेड मल्टीपरपज हॉल बनेगा जहां अन्य खेलों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा सकेगा। खिलाड़ियों के रहने के लिए एक आधुनिक हॉस्टल भी परिसर में बनाया जाएगा जिससे बाहर से आने वाले एथलीटों को ठहरने की समस्या न हो। इसके साथ ही स्पोर्ट्स के अन्य साधन भी इसी परिसर में एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगे, जिससे खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं बिना किसी दिक्कत के मिल सकें।
इस प्रोजेक्ट के निर्माण के लिए ऐसी एजेंसी का चयन किया जाएगा जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के शूटिंग रेंज के निर्माण का अनुभव हो। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया अपनाई जाएगी ताकि निर्माण कार्य पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पूरा हो सके। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री अतुल वत्स ने बताया कि इस निवाड़ी में बनने वाले इस शूटिंग रेंज का रखरखाव और संचालन पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल के तहत किया जाएगा ताकि इसकी गुणवत्ता और संचालन में निरंतर सुधार हो सके। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य गाजियाबाद और आसपास के युवाओं को प्रशिक्षण का लाभ देकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के योग्य बनाना है। उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ल्ड क्लास शूटिंग रेंज और इसमें प्रस्तावित अन्य आधुनिक सुविधाओं के मद्देनजर इसकी लागत का आकलन भी कराया जा रहा है ताकि योजना को जल्द से जल्द अमलीजामा पहनाया जा सके।



