Ghaziabad News : गाजियाबाद पुलिस ने शातिर लुटेरे सुकेश उर्फ राजा को रात के समय गिरफ्तार किया है। आरोपी लगातार महिलाओं से लूटपाट कर रहा था और कई वारदातों में शामिल था। पुलिस ने दौड़ाकर इस लुटेरे के पैर में गोली मारी है। आरोपी के खिलाफ कवि नगर और दूसरे थानों में 10 से ज्यादा मुकदमे दर्ज है। पुलिस ने मौके से एक बाइक, तमंचा बरामद किया है।
Ghaziabad News : पुलिस चला रही चेकिंग अभियान
दरअसल, जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया हुआ है। इसी क्रम में शुक्रवार रात गाजियाबाद में कविनगर पुलिस विवेकानंद चौराहे पर चेकिंग कर रही थी। तभी सामने से आ रहे संदिग्ध बाइक सवार को चेकिंग के लिए रुकने का इशारा किया लेकिन युवक घबरा गया और वह भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो उसकी बाइक फिसलकर गिर गई, जिसके बाद बदमाश ने पुलिस पर तमंचे से फायर झोंका और भागने लगा। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की तो गोली बदमाश के पैर में जा लगी। जो मौके पर ही घायल हो कर गिर पड़ा।

मामले में जानकारी देते हुए सहायक पुलिस आयुक्त कवि नगर स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश का नाम सुकेश उर्फ राजा है। जो मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। जिसे पुलिस ने कविनगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। यह पूर्व में लूट की कई घटनाएं कर चुका है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।



