GDA News : अगर आप गाजियाबाद जिले में मकान बनाने की सोच रहे है तो ये खबर आपके लिए ही है। दरअसल, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने लोगों को राहत देने के लिए एक नई योजना बनाई है। जिसके अंतर्गत अब घर का नक्शा पास कराने के लिए कलेक्ट्रेट के चक्कर लगाने नहीं पड़ेंगे क्योंकि अप्रैल से नक्शा पास कराने की प्रक्रिया डिजिटल हो जाएगी, जिससे लोगों को कागजात जमा कराने के लिए इधर-उधर जाना नहीं पड़ेगा।
GDA News : विशेष टीम का निर्माण
दरअसल, लोगों को अभी तक नक्शा पास कराने के लिए कलेक्ट्रेट से जमीन के स्वामित्व संबंधी कागजात लाने होते थे। आवेदकों को कई दिन तक तहसील के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे प्रक्रिया में 15-20 दिन लग जाते थे। लेकिन अब इस समस्या को हल करने के लिए जीडीए ने कलेक्ट्रेट में रखे सभी दस्तावेजों को स्कैन कर अपने पास रखने का फैसला लिया है। जिसके लिए एक विशेष टीम बनाई गई है, जो इस काम को मार्च के अंत तक पूरा कर लेगी। जिसके लिए एक बड़ी स्कैनर मशीन लगाई गई है, जिससे सभी दस्तावेजों को डिजिटल रूप में सुरक्षित रखा जा सके।
इस संबंध में जीडीए वीसी ने जिलाधिकारी (डीएम) से बातचीत की और सुझाव दिया कि कलेक्ट्रेट के दस्तावेजों को स्कैन करके जीडीए में रखा जाए। डीएम की अनुमति मिलने के बाद टीम लगाकर दस्तावेजों को स्कैन करने का काम कर रही है। इससे भविष्य में नक्शा पास कराने के लिए किसी भी कागजात की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि जीडीए के पास पहले से ही सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होंगे।



