ब्यूरो
मनोज मिश्रा
Merrut News : वर्ष 2025 की श्रावण कांवड़ यात्रा मेरठ रेंज के सभी जिलों — मेरठ, बागपत, बुलंदशहर और हापुड़ — में शांति और सफलता के साथ सम्पन्न हुई। डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी ने इस वृहद आयोजन में पुलिस बल के उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मियों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि मेरठ स्थित औघड़नाथ मंदिर, बागपत के पुरा महादेव, बुलंदशहर के अंबकेश्वर महादेव तथा हापुड़ के ब्रजघाट व सबली मंदिरों पर लाखों की भीड़ को सुरक्षित रूप से नियंत्रित किया गया।
Merrut News : हर स्तर पर सुरक्षा और तकनीकी निगरानी रही प्रभावी
डीआईजी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सिविल पुलिस के साथ सशस्त्र बल, पीएसी, एटीएस, एसटीएफ, एलआईयू, कांवड़ सैल, होमगार्ड, जल पुलिस, यातायात पुलिस, फायर सर्विस, वायरलेस विभाग आदि सभी इकाइयों ने मिलकर उत्कृष्ट समन्वय का प्रदर्शन किया। IP आधारित कैमरों, ड्रोन कैमरों और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के लिए आधुनिक सॉफ्टवेयर का प्रयोग किया गया जिससे अफवाहों पर नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सफलता मिली।
Merrut News :यातायात व्यवस्था भी रही सुचारु
इस वर्ष यात्रा के दौरान दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे, एनएच-58, एनएच-09 और अन्य हाईवे को आम जनता के लिए कभी बंद नहीं किया गया। एनएच-58 पर डीजे प्रतियोगिताओं पर पूर्ण रोक रही जिससे यातायात व्यवस्था बाधित नहीं हुई और हुड़दंगियों पर नियंत्रण रहा। यात्रा के दौरान रात्रि गश्त बढ़ाई गई और सभी वरिष्ठ अधिकारी स्वयं फील्ड में भ्रमणशील रहे।
Merrut News :डीआईजी ने जताया आभार
डीआईजी नैथानी ने मीडिया, प्रशासनिक अधिकारियों, शिविर/मंदिर समितियों और समाजसेवियों का विशेष आभार जताते हुए कहा कि टीम भावना से यह आयोजन सफल हुआ है। मुरादाबाद, सहारनपुर, गढ़वाल, करनाल रेंज और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस से भी रेंज पुलिस का बेहतरीन समन्वय रहा।



