Delhi Vidhansabha Election 2025 : दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए सभी 70 सीटों पर मतदान जारी है। इस बीच आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। दरअसल, सीलमपुर से भाजपा उम्मीदवार अनिल गौड़ ने दावा किया कि मुस्लिम महिलाएं बुर्का पहनकर फर्जी वोट डाल रही हैं। हालांकि, चुनाव आयोग ने इस आरोप को निराधार करार दिया है।
Delhi Vidhansabha Election 2025 : आप नेता का पुलिस पर बड़ा आरोप
ग्रेटर कैलाश सीट से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि चिराग दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर पुलिस मतदाताओं को मतदान करने से रोक रही है। उन्होंने मालवीय नगर के एसीपी से सवाल किया, “यहां बैरिकेड क्यों लगाए गए हैं? चुनाव को प्रभावित करने के लिए पुलिस को किसने निर्देश दिया?”सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि यह कार्रवाई गरीब ग्रामीण मतदाताओं को परेशान करने के उद्देश्य से की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस उन इलाकों में अधिक सक्रिय है, जहां आम आदमी पार्टी का मजबूत जनाधार है।
Delhi Vidhansabha Election 2025 : डीसीपी अंकित चौहान ने क्या कहा ?
आप नेता के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए साउथ दिल्ली के डीसीपी अंकित चौहान ने कहा कि चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार, मतदान केंद्र से 200 मीटर दूर वाहनों को रोकने का नियम है। हालांकि, बुजुर्गों और असमर्थ मतदाताओं के लिए विशेष अनुमति दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर जगह समान नियम लागू कर रही है और उन क्षेत्रों की जांच करेगी जहां को लेकर सौरभ भारद्वाज ने चिंता जताई है।



