Delhi IFS Officer Suicide : देश की राजधानी दिल्ली से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां चाणक्यपुरी इलाके में आज शुक्रवार सुबह भारतीय विदेश सेवा (IFS) के एक अधिकारी जितेंद्र रावत ने सरकारी फ्लैट से कूदकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, उन्होंने विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के लिए बनी कॉलोनी में स्थित अपने सरकारी आवास की छत से कूदकर जान दी है। ये घटना सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है।
Delhi IFS Officer Suicide : विदेश मंत्रालय ने दी क्या जानकारी ?
विदेश मंत्रालय ने इस दुखद घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ”विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी का 7 मार्च की सुबह नई दिल्ली में निधन हो गया। मंत्रालय उनके परिवार को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है और दिल्ली पुलिस के संपर्क में है। मंत्रालय ने इस कठिन समय में परिवार की निजता बनाए रखने की अपील भी की है।
वहीं दूसरी तरफ पुलिस जांच में पता चला है कि जितेंद्र रावत अवसाद (डिप्रेशन) से जूझ रहे थे। जिनका इलाज भी चल रहा था। वह अपनी मां के साथ पहली मंजिल पर रहते थे, जबकि उनकी पत्नी और दो बच्चे देहरादून में रहते हैं। घटना के समय उनकी मां घर पर मौजूद थीं। दिल्ली पुलिस का कहना ये भी है कि यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है, लेकिन घटना की जांच की जा रही है। फिलहाल, पुलिस परिवार और करीबी लोगों से पूछताछ करने में जुटी है। ताकि आत्महत्या के सही कारण का पता चल सके।



