Delhi Elections 2025 : दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आती जा रही है वैसे-वैसे नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज होती जा रही है। इसी क्रम में आज शनिवार को भाजपा प्रत्याशी प्रवेश वर्मा ने दिल्ली के पूर्व CM अरविंद केजरीवाल का कटआउट यमुना नदी में डुबोया। दरअसल, आज सुबह लगभग 10 बजे प्रवेश वर्मा ITO के यमुना घाट पहुंचे। जहां वह बोट में सवार होकर नदी में गए और केजरीवाल के कटआउट को यमुना में डुबकी लगवाई। प्रवेश वर्मा ने कहा कि केजरीवाल ने यमुना सफाई का वादा पूरा नहीं किया।
प्रवेश वर्मा ने इसका एक वीडियो भी शेयर किया है जो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। बता दें केजरीवाल के कटआउट पर लिखा था- मैं फेल हो गया, मुझे माफ करना। कटआउट में केजरीवाल कान पकड़े नजर आ रहे हैं।
Delhi Elections 2025 : मशीनों से निकलवानी चाहिए सारी गाद
इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए प्रवेश वर्मा ने कहा कि 11 साल बहुत लंबा समय होता है। अरविंद केजरीवाल बार-बार कहते हैं कि वे यमुना को साफ करेंगे, अगर मैं इसे साफ नहीं कर पाया तो दिल्ली के लोग मुझे वोट न दें। अरविंद केजरीवाल कभी दोबारा CM नहीं बन सकते। हम यमुना मैया का सारा पानी साफ कर सकते हैं। इसे साफ करना कोई रॉकेट साइंस नहीं है। मशीनों से सारी गाद निकलवानी चाहिए, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाने चाहिए, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाने चाहिए। हमारी सरकार बनते ही साबरमती रिवर फ्रंट की तरह यमुना रिवर फ्रंट बनाया जाएगा।

Delhi Elections 2025 : माताओं-बहनों के साथ विश्वासघात कर रहे केजरीवाल
वहीं दूसरी तरफ दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने महिला सम्मान योजना को लेकर बड़े-बड़े दावे किए थे कि वो दिल्ली में 2100 रुपए देंगे। इसका रजिस्ट्रेशन भी हो गया है। इस महिला सम्मान योजना के लगभग 30 हजार फॉर्म हैं। पैन नंबर, आधार कार्ड, वोटर आईडी और बैंक डिटेल, ये सारे दस्तावेज एक कबाड़ी के पास मिले। कबाड़ी ने ये हमारे तिमारपुर के उम्मीदवार सूर्य प्रकाश खत्री को दिए। अरविंद केजरीवाल दिल्ली की माताओं-बहनों के साथ विश्वासघात कर रहे हैं।



