Delhi Elections 2025 : दिल्ली में अगले महीने 5 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीति के चर्चा का बाजार गर्म है। सभी पार्टियां जीत हासिल करने के लिए आए दिन नई-नई योजनाओं का ऐलान कर रही है। वहीं जैसे-जैसे चुनाव की तारीखें नजदीक आ रही है वैसे-वैसे सभी प्रत्याशी नामांकन दाखिल करने में लगे हैं। इसी क्रम में आज बृहस्पतिवार को कृष्णा नगर सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. अनिल गोयल ने नामांकन पत्र दाखिल किया।

Delhi Elections 2025 : कार्यकर्ताओं में भरपूर उत्साह
इस दौरान जनसैलाब ने उनका स्वागत किया। पार्टी के कार्यकर्ताओं में भी भरपूर उत्साह देखने को मिला। महिला कार्यकर्ताओं ने रैली में खूब बढ़ चढ़कर भाग लिया। नामांकन से पूर्व 8 किलोमीटर लंबी रैली निकाली गई। रैली का आरंभ कृष्णानगर स्थित भाजपा कार्यालय से हुआ और समापन मनोरमा बेकरी के नजदीक किया गया। इस दौरान महिलाओं ने अपने घर के छज्जों पर खड़े होकर पुष्प वर्षा की। डॉ. अनिल गोयल अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने नंदनगरी गए। इस दौरान उनके साथ कृष्णानगर सीट से पांच बार के पूर्व विधायक डॉ. हर्षवर्धन भी मौजूद रहें।

Delhi Elections 2025 : क्या रहा था 2020 में कृष्णा नगर सीट का समीकरण ?
साल 2020 में इस सीट पर हुए विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने जाती हासिल की थी। इस सीट से आप विधायक एसके बग्गा ने दूसरी बार जीत हासिल कर भाजपा प्रत्याशी डॉ. अनिल गोयल, कांग्रेस ने डॉ. अशोक कुमार वालिया को हराया था। इस चुनाव में एसके बग्गा को 72,111 वोट मिले, जबकि अनिल गोयल को 68,116 और अशोक कुमार वालिया को 5,079 वोट मिले थे।



