JDU Meeting Patna: बिहार की राजनीति में एक ऐतिहासिक और भावुक अध्याय की शुरुआत हो चुकी है। मुख्यमंत्री आवास ‘1 अणे मार्ग’ पर आयोजित जेडीयू की अहम बैठक में उस वक्त माहौल गमगीन हो गया, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद अपने विधायकों और सांसदों के बीच पहुंचे। जैसे ही नीतीश कुमार ने बैठक कक्ष में प्रवेश किया, वहां मौजूद शीला मंडल, कोमल सिंह और शालिनी मिश्रा समेत कई महिला विधायक और नेता अपने आंसू नहीं रोक पाए। समूचे कक्ष में सन्नाटा पसर गया और सभी नेताओं ने खड़े होकर अपने नेता का अभिवादन किया।
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले ने JDU के अंदर एक बड़े वैचारिक और भावनात्मक बदलाव का संकेत दिया है। बैठक के दौरान नीतीश कुमार ने भी हाथ जोड़कर सबका अभिवादन स्वीकार किया, लेकिन माहौल इतना भावुक था कि कई वरिष्ठ नेता अपनी भावनाएं छिपा नहीं सके।
Bihar Politics: अचानक क्यों छोड़ी CM कुर्सी? नीतीश कुमार के ऐलान ने सबको चौंकाया
नीतीश कुमार का संबोधन
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बेहद सधे हुए और आत्मीय अंदाज में अपनी बात रखी। उन्होंने विधायकों की चिंताओं को दूर करते हुए कहा, ‘मैं राज्यसभा जा रहा हूं, लेकिन आप लोगों को कोई दिक्कत नहीं होगी। हम बिहार में भी रहेंगे और सारा काम होते रहेगा, इसलिए कोई चिंता मत कीजिए। खूब काम कीजिए बिहार के विकास के लिए। हमने बिहार का जितना विकास किया है, उससे भी ज्यादा विकास आगे होगा।’ (JDU Meeting Patna)
विजय चौधरी ने गिनाया नीतीश का ‘स्वर्णिम सफर’
बैठक में जेडीयू के वरिष्ठ नेता और मंत्री विजय चौधरी ने कमान संभाली। उन्होंने नीतीश कुमार के राजनीतिक सफर और 2005 से अब तक बिहार की बदली हुई तस्वीर का खाका पेश किया। चौधरी ने भावुक स्वर में कहा कि किस तरह नीतीश कुमार ने न्याय के साथ विकास की अवधारणा को धरातल पर उतारा और बिहार को एक नई वैश्विक पहचान दी। (JDU Meeting Patna)

निशांत कुमार की एंट्री पर सस्पेंस
इस पूरी बैठक में सबसे ज्यादा चर्चा नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार की रही। सूत्रों के मुताबिक, निशांत कुमार इस बैठक में शामिल नहीं हुए क्योंकि उन्होंने अभी तक जेडीयू की औपचारिक सदस्यता नहीं ली है। खबर है कि निशांत अगले एक हफ्ते के भीतर पार्टी में शामिल हो सकते हैं। सियासी गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि नीतीश कुमार के दिल्ली जाने के बाद निशांत कुमार को बिहार का डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है, ताकि पार्टी और परिवार की विरासत को मजबूती से आगे बढ़ाया जा सके। (JDU Meeting Patna)
बिहार की नई राजनीतिक बिसात
यह बैठक सिर्फ भावुकता तक सीमित नहीं थी, बल्कि इसमें भविष्य की रणनीति पर भी मंथन हुआ। नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना और निशांत कुमार की संभावित एंट्री, बिहार में एक नए सत्ता समीकरण की ओर इशारा कर रही है। जेडीयू के विधायक और सांसद अब इस बात पर विचार कर रहे हैं कि नीतीश कुमार के दिल्ली में रहने के दौरान बिहार में संगठन और सरकार के बीच तालमेल कैसे बैठाया जाएगा। फिलहाल, पूरे राज्य की नजरें राजभवन और सीएम आवास की अगली हलचल पर टिकी हैं। (JDU Meeting Patna)



