बदायूं उत्तर प्रदेश। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को देशभर के युवाओं के साथ सीधे रूबरू हुए। यह संवाद खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री इस आयोजन से वर्चुअल माध्यम से जुड़े। बदायूं जनपद में बीआईएमटी संस्थान और राजकीय महाविद्यालय परिसर में इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण छात्र-छात्राओं को दिखाया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में विद्यार्थी सुबह से ही परिसर में जुट गए थे।
आयोजन की शुरुआत सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने मां सरस्वती के चित्र के सामने दीप जलाकर और माल्यार्पण करके की। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया और कार्यक्रम की रूपरेखा बताई गई।
खेलो इंडिया संवाद में युवाओं को दी सीख
वर्चुअल संवाद के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने युवाओं से नए विचारों के साथ आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल जिंदगी की मुश्किलों का सामना करना सिखाते हैं। उन्होंने याद दिलाया कि इस साल 15 अगस्त को लाल किले से उन्होंने देश के सामने भारत का खेल विजन रखा था। उनके अनुसार खेलों की बात सिर्फ पदक जीतने तक सीमित नहीं, बल्कि यह विकसित भारत के निर्माण के लिए देश की खेल क्षमता और युवा ऊर्जा को साथ लाने की मुहिम है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जो खेल में उतरते हैं, वही निखरते हैं और इस निखार का मतलब सिर्फ मैदान की जीत नहीं बल्कि व्यक्ति, परिवार और देश की तरक्की भी है। एक खिलाड़ी की कामयाबी उसके परिवार, स्कूल-कॉलेज, जिले और राज्य तक की पहचान बन जाती है।
विधायक महेश गुप्ता ने युवाओं को किया प्रेरित
कार्यक्रम में सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने भी युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जो शब्द हम बोलते हैं, वे इस ब्रह्मांड में गूंजते हैं, इसलिए अच्छा सोचना और अच्छा बोलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मन से हारने पर हार और मन से जीतने पर जीत तय होती है, इसलिए किसी भी काम में हिम्मत न हारें। उन्होंने युवाओं से लक्ष्य तय कर मेहनत करने और किस्मत के भरोसे न बैठने की सलाह दी। उनके अनुसार खेलों से शरीर में जोश, स्फूर्ति और ताकत आती है, इसलिए हर युवा को लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान करने और उनका आशीर्वाद लेने से जीवन में सफलता जरूर मिलती है।
सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स को मिला सम्मान
इस मौके पर विधायक ने अपूर्वा राठौर, वैष्णवी पटेल, सूर्या प्रताप सिंह, अभिमन्यु, मयंक यादव और प्रिंस सहित जनपद के कई सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स को प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने उपस्थित युवाओं से mybharat.gov.in पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील भी की। कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए सेल्फी प्वाइंट पर विधायक ने खुद भी सेल्फी ली। इस दौरान सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स और जनपद के खिलाड़ियों ने मंच से अपने अनुभव भी साझा किए।
कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी अदित्य सिंह, वरिष्ठ युवा लीडर रविन्द्र पाल सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम को लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
बदायूँ: एसके शंखधार


