नई दिल्ली। रक्षाबंधन के त्योहार पर यात्रियों को राहत देने के लिए नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) ने बड़ा फैसला लिया है। 27 और 28 अगस्त 2026 को दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर रोजाना 47 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स चलाई जाएंगी, ताकि त्योहार के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को संभाला जा सके।
हर 8 मिनट में मिलेगी ट्रेन
इन अतिरिक्त फेरों के जुड़ने से दोनों दिन सराय काले खां से मोदीपुरम तक पूरे कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेनें हर 8 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध रहेंगी। इससे यात्रियों को इंतज़ार कम करना पड़ेगा और उन्हें यात्रा के लिए ज़्यादा विकल्प भी मिलेंगे।
राखी बांधने जा रही महिलाओं को खास फायदा
यह सुविधा खासतौर पर उन महिलाओं के लिए मददगार साबित होगी जो रक्षाबंधन पर अपने भाइयों के घर राखी बांधने जा रही हैं। इसके अलावा जो लोग परिवार संग त्योहार मनाने या रिश्तेदारों से मिलने की योजना बना रहे हैं, उन्हें भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। 28 अगस्त को शुक्रवार पड़ने से कई यात्रियों के लिए यह एक लंबे वीकेंड का मौका भी बन गया है, जिससे सड़क यातायात पर दबाव बढ़ने की आशंका है।
जाम से मिलेगी राहत, बुज़ुर्गों-बच्चों के लिए आसान सफर
त्योहारी सीज़न में सड़कों पर भारी भीड़ और जाम आम बात है। ऐसे में नमो भारत जैसी तेज़ और आरामदायक ट्रांसपोर्ट सुविधा यात्रियों को एक बेहतर विकल्प देती है। खासकर बच्चों, बुज़ुर्गों या भारी सामान के साथ सफर करने वालों के लिए यह ट्रेन सेवा ज़्यादा सुविधाजनक साबित होगी। अतिरिक्त ट्रिप्स से न सिर्फ प्रतीक्षा समय घटेगा, बल्कि सीटों की उपलब्धता भी बढ़ेगी, जिससे यात्रियों का अनुभव और बेहतर होगा।
ज़रूरत पड़ने पर और बढ़ सकती है फ्रीक्वेंसी
NCRTC के अनुसार, अगर त्योहार के दौरान यात्रियों की मांग में और इजाफा होता है, तो ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी को ज़रूरत के मुताबिक आगे भी बढ़ाया जा सकता है।
दिल्ली-गाज़ियाबाद-मेरठ को जोड़ने वाली आधुनिक कनेक्टिविटी
नमो भारत परियोजना दिल्ली, गाज़ियाबाद और मेरठ के बीच तेज़, भरोसेमंद और आरामदायक सफर का ज़रिया बन चुकी है। यह सेवा निजी वाहनों पर निर्भरता कम कर, लोगों को अधिक कुशल और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रोत्साहित करती है।


