गोरखपुर उत्तर प्रदेश । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भूमि विवादों और राजस्व मामलों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। गोरखपुर में मंगलवार को हुए जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं, जिसमें एक महिला की भूमि विवाद से जुड़ी शिकायत पर उन्होंने तत्काल सख्त निर्देश जारी किए।
महिला की पीड़ा सुनकर भड़के CM योगी
गोरखनाथ मंदिर परिसर में महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में एक महिला ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी समस्या रखी। महिला ने बताया कि दबंग उसे रास्ता नहीं दे रहे और शिकायत करने पर भी कोई सुनवाई नहीं हो रही। यह सुनते ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरंत रास्ता दिलाने का आदेश दिया।
लेखपाल, कानूनगो, तहसीलदार को सस्पेंड करने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि अगर लेखपाल, कानूनगो और तहसीलदार किसी पात्र व्यक्ति को रास्ता दिलाने में खुद को असमर्थ मानते हैं, तो उन सभी को निलंबित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भूमि संबंधी मामलों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर उदासीनता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
भूमि विवादों पर सख्त कार्रवाई के आदेश
जनता दर्शन में कई लोगों ने राजस्व मामलों में देरी और लापरवाही की शिकायतें भी दर्ज कराईं। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां भी लापरवाही सामने आए, वहां संबंधित कर्मचारी के खिलाफ निलंबन जैसी सख्त कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री सोमवार को गोरखपुर पहुंचे थे और मंगलवार सुबह जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात की।
आयुष्मान कार्ड और इलाज सहायता का भरोसा
जनता दर्शन में बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को हर पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनवाने का निर्देश दिया, ताकि गंभीर बीमारी के इलाज में किसी को आर्थिक संकट न झेलना पड़े। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से भी अतिरिक्त सहायता दी जाए।
अधिकारियों की जवाबदेही तय करने पर जोर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों को औपचारिकता की तरह न लिया जाए, बल्कि वास्तविक स्थिति समझकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। स्थानीय स्तर पर सुलझने वाले मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने से बचने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार हर जरूरतमंद व्यक्ति के साथ खड़ी है और हर पीड़ित की समस्या का समाधान पूरी प्रतिबद्धता से किया जाएगा।


