फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में ई-रिक्शा हादसे में बच्चे की मौत हो जाने से इलाके में मातम छा गया। 7 साल का सक्षम अपने घर के बाहर गली में साइकिल चला रहा था, तभी पानी की बोतलों से भरा एक ई-रिक्शा सड़क पर बने रैंप की वजह से अनियंत्रित होकर उसके ऊपर पलट गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बच्चे को ई-रिक्शा के नीचे आते देखा जा सकता है।
टी-प्वाइंट पर हुई टक्कर, फिर रैंप पर पलटा रिक्शा
शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे सक्षम अपने एक दोस्त के साथ घर के बाहर साइकिल चला रहा था। एक चक्कर लगाने के बाद जब वह वापस घर की ओर आ रहा था, तभी घर के सामने बने टी-प्वाइंट पर सामने से आ रहे ई-रिक्शा से उसकी साइकिल टकरा गई। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि बच्चे को बचाने के प्रयास में रिक्शा चालक ने उसे रैंप पर चढ़ा दिया, जिससे भारी वजन के कारण रिक्शा असंतुलित होकर पलट गया और बच्चा उसके नीचे दब गया।
लोगों ने निकाला बाहर, अस्पताल ले जाया गया
चीख-पुकार सुनकर बच्चे के पिता अजय रावत और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। एक-दो मिनट के भीतर ही लोगों ने पलटे हुए ई-रिक्शा को हटाकर बच्चे को बाहर निकाला और तत्काल सेक्टर-19 स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। सिर पर गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण डॉक्टर बच्चे को बचा नहीं सके और उसे मृत घोषित कर दिया गया।
सॉफ्टवेयर इंजीनियर का बेटा था सक्षम
मृतक बच्चे की पहचान सेक्टर-31 निवासी सक्षम पुत्र अजय रावत के रूप में हुई है। अजय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के फतेहाबाद के रहने वाले हैं और नोएडा की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। परिवार पिछले कई वर्षों से फरीदाबाद में ही रह रहा है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, रिक्शा चालक गिरफ्तार
जांच अधिकारी एएसआई निजामुद्दीन के अनुसार, हादसे में शामिल ई-रिक्शा चालक को पुलिस ने पकड़ लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पिता अजय रावत की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


